नोएडा के सेक्टर-100 स्थित लोटस स्पेसिया सोसाइटी में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां 46 वर्षीय महिला ने 18वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस मामले की जांच सभी पहलुओं से कर रही है.
मृतका की पहचान पारुल अग्रवाल पत्नी पल्लव अग्रवाल के रूप में हुई है. वह नोएडा के सेक्टर-100 स्थित लोटस स्पेसिया सोसाइटी के टावर-32 में अपने परिवार के साथ रहती थीं. घटना के बाद सोसाइटी में शोक का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं.
पुलिस जांच में सामने आया है कि पारुल अग्रवाल पेशे से योगा इंस्ट्रक्टर थीं. करीब दो साल पहले उनका एक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें उनकी कमर में गंभीर चोट आई थी. इस चोट के कारण वह लंबे समय से योग की क्लास नहीं ले पा रही थीं. परिजनों के अनुसार इसी वजह से वह काफी परेशान रहती थीं. परिवार ने बताया कि वह इस बात को लेकर तनाव में रहती थीं कि भविष्य में वह परिवार पर बोझ बन सकती हैं. इसी कारण वह लंबे समय से मानसिक दबाव में थीं.
18वीं मंजिल से कूदकर महिला ने दी जान
पुलिस के अनुसार मृतका के पति पल्लव अग्रवाल ने भी बताया कि पारुल लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थीं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने बताया कि थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के अंतर्गत लोटस स्पेसिया सोसाइटी में महिला द्वारा 18वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है. फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)