scorecardresearch
 

मुजफ्फरनगर में युवक की पिटाई के बाद फैला तनाव, नमाज पढ़कर लौट रहे युवक पर हमला

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बीच सड़क एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कजियान मोहल्ले में बाइक सवार युवक को कुछ युवकों ने मामूली विवाद के बाद पीट दिया. पूरी घटना पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement
X
मारपीट के बाद इलाके में तनाव, पुलिस तैनात (Screengrab)
मारपीट के बाद इलाके में तनाव, पुलिस तैनात (Screengrab)

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कजियान मोहल्ले में बीच सड़क एक समुदाय विशेष के युवक की जमकर पिटाई कर दी गई. बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक को दूसरे समुदाय के कुछ युवकों ने मामूली कहासुनी के बाद घेरकर मारपीट की.

यह पूरी घटना पास ही स्थित एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक की पहचान अब्दुल वाहब के रूप में हुई है. परिजनों का कहना है कि वह पीर वाली मस्जिद में नमाज पढ़ाकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में किसी मामूली बात को लेकर स्थानीय युवक लवी, हरीश और ऋषभ समेत कुछ अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर हमला कर दिया.

नमाज पढ़कर लौट रहे युवक पर हमला

पीड़ित के चाचा सईद अहमद ने बताया कि आरोपियों ने उनके भतीजे को घेरकर मारपीट की और बैट जैसे हथियारों से हमला किया. उन्होंने कहा कि जब आसपास के लोग और दुकानदार मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए. इस हमले में अब्दुल वाहब गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुजफ्फरनगर के एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और इलाके में स्थिति को शांत कराया.

पुलिस ने दर्ज किया केस

एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच यह घटना हुई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि सड़क पर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई. उन्होंने बताया कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं.

पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सिविल लाइन थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement