scorecardresearch
 

रात के 3 बजे टायर फटा, घर में घुस गया सीमेंट से लदा ट्रक... सोते समय 3 लोगों की मौत, 2 जिंदगी की जंग लड़ रहे

रात के करीब तीन बजे का वक्त था. पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था. तभी अचानक एक जोरदार धमाका हुआ और अगले ही पल कई टन वजनी ट्रक सीधे घर के अंदर आ घुसा. ये डरावनी कहानी यूपी के मिर्जापुर की है. इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

Advertisement
X
बेकाबू होकर घर में घुस गया ट्रक. (Photo: Screengrab)
बेकाबू होकर घर में घुस गया ट्रक. (Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. वाराणसी से सोनभद्र जा रहा सीमेंट से लदा ट्रक टायर फटने के बाद बेकाबू हो गया और सड़क किनारे एक घर में घुस गया. हादसे के वक्त परिवार के लोग गहरी नींद में थे. इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसा अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे पर वाराणसी-सोनभद्र मार्ग पर सुबह करीब 3 बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज धमाके के साथ ट्रक मकान में घुसा, जिससे घर का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े.

mirzapur truck crashes into house after tyre burst three killed while sleeping

इस हादसे में 47 साल के राजाराम, 70 वर्षीय सुखिया और 45 वर्षीय चांदतारा की ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 12 साल की सुहानी और 45 साल के सुनील शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

यह भी पढ़ें: जिंदा जल गए 9 लोग! कुल 11 लोगों ने गंवाई जान... ट्रक की टक्कर से बोलेरो में लगी आग; मिर्जापुर हादसे की दर्दनाक कहानी

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. भारी ट्रक मकान के भीतर फंसा हुआ था, जिसे काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

mirzapur truck crashes into house after tyre burst three killed while sleeping

मिर्जापुर के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मीणा ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि वाराणसी से सोनभद्र जा रहे एक ट्रक का टायर फटने के बाद वह बेकाबू होकर घर में घुस गया है. सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. पूरे मामले की जांच की जा रही है.

मृतकों के परिजनों का कहना है कि परिवार के सभी लोग घर में सो रहे थे. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में यह घर हादसे का मंजर बन जाएगा. एक पल में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं दुर्घटना के तकनीकी कारणों की भी जांच की जा रही है कि टायर फटने के अलावा हादसे की कोई अन्य वजह तो नहीं थी. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement