scorecardresearch
 

मथुरा: गोवर्धन की मानसी गंगा में डूबे राजस्थान के 2 किशोर, बांके बिहारी मंदिर में MP के शख्स की थमी सांसें

मथुरा के गोवर्धन में मानसी गंगा में डूबने से धौलपुर के दो किशोरों की मौत हो गई, वहीं वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में गुना (MP) के एक श्रद्धालु ने दम तोड़ दिया. पुरुषोत्तम मास के दौरान ब्रजभूमि में हुए इन दोनों हादसों की पूरी रिपोर्ट...

Advertisement
X
पुरुषोत्तम मास के बीच वृंदावन में उमड़ी भारी भीड़ के बीच बड़ा हादसा.(Photo:Screengrab)
पुरुषोत्तम मास के बीच वृंदावन में उमड़ी भारी भीड़ के बीच बड़ा हादसा.(Photo:Screengrab)

उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में चल रहे पवित्र पुरुषोत्तम मास के दौरान देश भर से लाखों श्रद्धालु ब्रजभूमि की परिक्रमा और दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. इसी बीच शनिवार को मथुरा और वृंदावन से दो अलग-अलग  घटनाएं सामने आईं, जिसने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है.

राजस्थान के धौलपुर जिले से गोवर्धन महाराज की प्रसिद्ध सप्तकोसीय परिक्रमा करने आए दो किशोरों की मानसी गंगा में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान मनीष (14) और प्रिंस (16) के रूप में हुई है. दोनों किशोर गोवर्धन स्थित पवित्र मानसी गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक पैर फिसलने या अंदाजा न मिल पाने के कारण वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और शवों को पानी से बाहर निकाला. हादसे की गंभीरता को देखते हुए मथुरा के जिलाधिकारी सीपी सिंह  और SSP श्लोक कुमार ने तत्काल मानसी गंगा पहुंचकर घाटों का जायजा लिया और सुरक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए. सीओ गोवर्धन अनिल कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है.

Advertisement

बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालु की मौत
वहीं दूसरी तरफ, वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने आए मध्य प्रदेश के एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. मध्य प्रदेश के गुना जिला बमोरी गांव के रहने वाले भारत सिंह (50) अपनी पत्नी के साथ ठाकुर जी के दर्शन करने वृंदावन आए थे. शनिवार दोपहर करीब 1:00 बजे मंदिर के गेट नंबर 3 के पास वे अचानक अचेत होकर गिर पड़े.

सुरक्षाकर्मियों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत मंदिर के डॉक्टरों के पास ले जाया गया और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया. अस्पताल के डॉ. विनीत यादव ने बताया कि श्रद्धालु को मृत अवस्था में ही लाया गया था.

भारी भीड़ को लेकर सीओ सदर का बयान
इस घटना पर सीओ सदर प्रीतम पाल सिंह ने बताया कि जैसे ही श्रद्धालु की तबीयत खराब हुई, मंदिर की सुरक्षा टीम और पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. देखें VIDEO:- 

उन्होंने स्वीकार किया कि पुरुषोत्तम मास के कारण इन दिनों मंदिर में भारी भीड़ उमड़ रही है, लेकिन उचित दर्शन कराने के लिए लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement