scorecardresearch
 

अब लखनऊ में कई पेट्रोल पंप बंद, जहां मिल रहा तेल वहां भी घंटों की लंबी लाइनें 

लखनऊ में पेट्रोल और डीजल को लेकर अचानक मांग बढ़ने से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं. कई जगह स्टॉक खत्म होने से तेल के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. अन्य शहरों से आई खबरों और छुट्टी के चलते पेट्रोल पंप पर भीड़ अचानक से बढ़ गई. प्रशासन और पेट्रोलियम कंपनियों ने साफ किया है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों से घबराने व जमाखोरी से बचने की अपील की है.

Advertisement
X
लखनऊ के कई पेट्राेल पंप पर इस समय पेट्रोल-डीजल नहीं मिल रहा है (File Photo: PTI )
लखनऊ के कई पेट्राेल पंप पर इस समय पेट्रोल-डीजल नहीं मिल रहा है (File Photo: PTI )

यूपी के प्रयागराज, मेरठ, कानपुर और झांसी जैसे शहरों पेट्रोल और डीजल को लेकर दिखी हलचल अब राजधानी लखनऊ तक पहुंच गई है. यहां भी पेट्रोल पंपों पर अचानक बढ़ी भीड़, लंबी कतारें और ‘तेल खत्म’ के बोर्ड ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. एकाएक बढ़ी भीड़ के चलते तेल लेने के लिए लोगों को अपनी बारी आने का घंटो इंतजार करना पड़ रहा है. हालांकि प्रशासन और पेट्रोलियम कंपनियों ने साफ किया है कि घबराने की जरूरत नहीं है. 

कई पंपों पर लंबी कतारें, इंतजार बढ़ा

बुधवार को लखनऊ के विभिन्न इलाकों में पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखी गईं. आमतौर पर जहां भीड़ कम रहती थी, वहां भी वाहन लाइन में लगे नजर आए. लोगों को पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए काफी समय तक इंतजार करना पड़ा. कुछ स्थानों पर स्थिति यह रही कि लोगों को एक से दो घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा.

कहीं स्टॉक खत्म, कहीं सीमित आपूर्ति

शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन का स्टॉक खत्म होने की स्थिति बन गई. कुछ पंपों पर ‘पेट्रोल उपलब्ध नहीं’ या ‘डीजल खत्म’ जैसे बोर्ड भी लगाए गए. जहां ईंधन उपलब्ध था, वहां भी सीमित मात्रा में ही दिया जा रहा था. कई लोग टैंकर के आने का इंतजार करते नजर आए, ताकि सप्लाई शुरू होते ही वे अपनी गाड़ी में ईंधन भरवा सकें. बुधवार को अवकाश होने के कारण भी पंपों पर भीड़ बढ़ने की एक वजह सामने आई. बड़ी संख्या में लोग अपनी गाड़ियों में पेट्रोल भरवाने के लिए निकल पड़े. इसके अलावा, अन्य शहरों में सप्लाई प्रभावित होने की खबरों का असर भी लखनऊ में देखने को मिला, जिससे लोगों ने एहतियात के तौर पर ईंधन भरवाना शुरू कर दिया.

Advertisement

प्रशासन की अपील पैनिक न हों, जमाखोरी से बचें

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में जरूरत से ज्यादा पेट्रोल या डीजल न भरवाएं. अधिकारियों का कहना है कि पैनिक की स्थिति से अनावश्यक दबाव बनता है और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

पेट्रोलियम कंपनियों का दावा : कमी नहीं है

पेट्रोलियम कंपनियों ने भी बयान जारी कर कहा है कि प्रदेश में ईंधन की कोई वास्तविक कमी नहीं है. कंपनियों के अनुसार, यह स्थिति केवल अचानक बढ़ी मांग के कारण बनी है. जिन पंपों पर स्टॉक खत्म हुआ है, वहां जल्द ही टैंकर के माध्यम से आपूर्ति पहुंचाई जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में स्थिति सामान्य हो जाएगी. फिलहाल, लोगों से संयम बरतने और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement