राजधानी लखनऊ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन योजना स्थित एएलएस अकैडमी में नर्सरी के 5 वर्षीय छात्र की कथित तौर पर उसकी ही क्लास मॉनिटर ने बेरहमी से पिटाई कर दी. आरोप है कि यह मारपीट करीब 12 मिनट तक चलती रही. घटना में बच्चे के चेहरे और गाल पर गंभीर चोटें आईं. हालत बिगड़ने पर उसे पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, वृंदावन सेक्टर-6 निवासी बृजेंद्र कुमार का 5 वर्षीय बेटा कृदय एएलएस अकैडमी में नर्सरी का छात्र है. बुधवार को जब वह स्कूल से घर लौटा तो उसके चेहरे पर सूजन और चोट के निशान थे. बच्चा काफी डरा हुआ था. बेटे की हालत देखकर परिजन घबरा गए और तुरंत स्कूल पहुंचे.
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से कक्षा का सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की. जब फुटेज देखी गई तो वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए. फुटेज में कथित तौर पर क्लास मॉनिटर छात्रा मासूम कृदय को लगातार थप्पड़ और घूंसे मारती हुई दिखाई दी. आरोप है कि उसने बच्चे के बाल भी खींचे.
थप्पड़, घूंसे और बाल खींचने का आरोप
परिजनों का कहना है कि यह पूरी घटना कई मिनट तक चलती रही, लेकिन इस दौरान किसी शिक्षक या स्कूल स्टाफ ने हस्तक्षेप नहीं किया. उनका आरोप है कि समय रहते कोई रोकता तो बच्चे को इतनी चोट नहीं लगती. घटना से नाराज परिजन गुरुवार को दोबारा स्कूल पहुंचे और विरोध जताया.
हंगामे के बाद स्कूल प्रशासन ने मामले की जांच की. स्कूल की प्रधानाचार्य ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद संबंधित छात्रा को स्कूल से निष्कासित कर दिया गया है. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया गया है.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुरू की जांच
स्कूल प्रशासन ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पीजीआई थाना पुलिस को दी है. वहीं, पीजीआई थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल बच्चा अस्पताल में उपचाराधीन है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.