उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक सरकारी 102 एंबुलेंस और स्विफ्ट कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख पुकार मच गई. हादसे में कार सवार अध्यापिका साइमा फारुकी और उनके बेटे अब्बास फारुकी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कार चला रहे फैजान और उनकी छह माह की मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार हादसा महेवाघाट थाना क्षेत्र के सरसवां पीएचसी के पास रामगमन सेतु मार्ग पर हुआ. बताया जा रहा है कि स्विफ्ट कार चित्रकूट की तरफ से आ रही थी, जबकि 102 एंबुलेंस मंझनपुर की तरफ जा रही थी. सड़क का एक हिस्सा बंद होने के कारण दोनों दिशाओं का यातायात एक ही लेन से चल रहा था, इसी दौरान यह भीषण टक्कर हो गई.
तेज रफ्तार एंबुलेंस और कार की आमने-सामने भिड़ंत
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. घायलों को मंझनपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने साइमा फारुकी और उनके बेटे अब्बास फारुकी को मृत घोषित कर दिया. गंभीर हालत के कारण फैजान और उनकी मासूम बेटी को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. डीएसपी कौशांबी जेपी पांडे ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि मृतका साइमा फारुकी राजापुर चित्रकूट के एक स्कूल में अध्यापिका थीं. हादसे की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.