scorecardresearch
 

कौशांबी में छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला, 50 लोगों पर केस दर्ज, 5 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एनडीपीएस एक्ट के एक वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. आरोप है कि वारंटी को बचाने के लिए करीब 50 लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा. हमले में एक आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गया. मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Advertisement
X
एनडीपीएस वारंटी की तलाश में पहुंची थी टीम.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)
एनडीपीएस वारंटी की तलाश में पहुंची थी टीम.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में छत्तीसगढ़ पुलिस की एक टीम पर हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है. एनडीपीएस एक्ट के एक वांछित वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के विरोध और हिंसा का सामना करना पड़ा. आरोप है कि वारंटी को बचाने के लिए ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया.

घटना कोखराज थाना क्षेत्र के इचौली गांव की है. हमले में छत्तीसगढ़ पुलिस के एक आरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.

यह भी पढ़ें: नहाने गई थीं दो बहनें, गहरे पानी में समाईं जिंदगियां... कौशांबी हादसे से हर आंख नम

घटना के बाद कोखराज थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं मुख्य आरोपी शिवम केशरवानी समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस ने शिवम, उसके भाई और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

एनडीपीएस वारंटी की तलाश में पहुंची थी टीम

पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के थाना गंज में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में दो वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कौशांबी आई थी.

Advertisement

कार्रवाई के दौरान थाना सैनी क्षेत्र के एक वारंटी को गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद पांच सदस्यीय पुलिस टीम दूसरे वारंटी शिवम केशरवानी की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को करीब साढ़े तीन बजे इचौली गांव पहुंची.

पुलिस के अनुसार टीम के सदस्य जगदेव प्रसाद वर्मा, मुख्य आरक्षी युसूफ खान और आरक्षी अजय चौधरी गांव में दबिश देने गए थे. वहीं दो अन्य पुलिसकर्मी आरक्षी संदीप सिंह और आरक्षित सत्येंद्र प्रधान कोखराज थाने को सूचना देने के लिए जा रहे थे.

गिरफ्तारी का विरोध, पुलिस पर हमला

पुलिस का आरोप है कि जब टीम शिवम केशरवानी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही थी, तभी शिवम, उसके भाई, रिश्तेदारों और समर्थकों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया.

आरोपियों ने पुलिस टीम को वारंटी को ले जाने से मना कर दिया और विरोध शुरू कर दिया. इसके बाद कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया.

हमले में छत्तीसगढ़ पुलिस के आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.

कौशांबी

50 लोगों पर केस, पांच आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद घायल आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा की तहरीर पर थाना कोखराज में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कौशांबी सत्यनारायण ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस ने अभियान चलाकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय कुमार केशरवानी, संदीप मिश्रा, शिवराज, दुर्गा प्रसाद और शिवबाबू सरोज के रूप में हुई है. सभी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है.

ASP ने बताई पूरी घटना

अपर पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने बताया कि 6 जून को करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम एनडीपीएस एक्ट के दो वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए कौशांबी आई हुई है.

उन्होंने बताया कि थाना सैनी क्षेत्र के एक वारंटी को गिरफ्तार करने के बाद टीम बिना थाना कोखराज को सूचना दिए इचौली गांव पहुंच गई थी. इसी दौरान संबंधित वारंटी को बचाने के लिए गांव के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया.

अमित सिंह के अनुसार हमले में एक आरक्षी घायल हुआ है. थाना कोखराज पुलिस ने मामला दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी शिवम केशरवानी समेत अन्य लोगों की तलाश जारी है और मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement