कानपुर में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है. चांदी के एक कारखाने में घुसने के लिए चोर ने न तो दरवाजा तोड़ा और न ही कोई बड़ा रास्ता चुना. वह हवा आने-जाने के लिए बने रोशनदान से करीब 12 फुट लंबी रस्सी के सहारे नीचे उतरा और महज 9 मिनट में 18 किलो चांदी के दाने लेकर फरार हो गया. चोरी हुई चांदी की कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है. पूरी वारदात कारखाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
रोशनदान से कारखाने में दाखिल हुआ चोर
महाराष्ट्र के रहने वाले नितिन कानपुर में चांदी गलाने का कारखाना चलाते हैं. यहां पुरानी चांदी को गलाकर उसके दाने तैयार किए जाते हैं. नितिन की दुकान नयागंज सराफा बाजार में है, जबकि कारखाना पोखरपुर इलाके में स्थित है.
सोमवार को जब नितिन कारखाने पहुंचे तो वहां रखे 18 किलो चांदी के दाने गायब मिले. रविवार को कारखाने में छुट्टी थी. चोरी का पता चलते ही उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की. इसमें एक युवक रोशनदान से रस्सी के सहारे नीचे उतरता दिखाई दिया. इसके बाद वह कारखाने में रखे चांदी के दाने समेटकर वहां से निकल गया.
सिर पर टोपी, चेहरे की पहचान करना मुश्किल
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी के सिर पर टोपी दिखाई दे रही है, जिससे उसका चेहरा साफ नजर नहीं आ रहा है. चोर ने बेहद कम समय में वारदात को अंजाम दिया. कारखाने में दाखिल होने से लेकर चांदी लेकर निकलने तक की पूरी घटना करीब 9 मिनट में पूरी हो गई.
किसी जानकार का हाथ होने का शक
पुलिस को आशंका है कि चोरी के पीछे किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसे कारखाने की अंदरूनी जानकारी थी. जांच की जा रही है कि आरोपी को चांदी रखे होने की जानकारी किसने दी और क्या कारखाने से जुड़ा कोई व्यक्ति भी इस वारदात में शामिल था.
चकेरी थाना पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.