उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस भले दावा करे कि कानून व्यवस्था कंट्रोल में है लेकिन यहां की हकीकत हैरान करने वाली है. यहां बीते रविवार की रात 8 बजे सिर्फ बाइक से जरा टक्कर लगने पर तीन युवकों ने पिता पुत्र की हत्या कर दी और एक बेटे को घायल कर दिया. आलम यह है की सरेआम तीन युवक बाप और दो बेटों को हेलमेट और चाकू से मारते रहे लेकिन कोई बचाने वाला नहीं आया.
नर्सिंग होम ने वापस लौटाया
इसके जब एक घायल बेटा अपने भाई और पिता को लेकर पास के नर्सिंग होम में पहुंचा तो दो-दो नर्सिंग होम ने उनको भर्ती नहीं किया और सरकारी अस्पताल ले जाने को कहा , जहां जाते ही दोनों की मौत हो गई और एक घायल बेटे का इलाज किया जा रहा है. कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाती इस घटना ने जहां पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाया है तो वहीं पुलिस कमिश्नर दावा कर रहे हैं कि हमने एक आरोपी को पकड़ लिया है.
कानपुर में काशीराम कॉलोनी के रहने वाले शिवनारायण द्विवेदी के दो बेटे हैं. एक शिवम द्विवेदी और उससे छोटा सत्यम द्विवेदी. यह तीनों एक मार्बल के शोरूम में काम करते हैं. संडे की शाम 8:00 बजे यह तीनों लोग एक बाइक पर अपने घर लौट रहे थे तभी नौबस्ता में इलाके में एक गली के चौराहे पर पीछे से आ रही एक अपाचे बाइक से उनकी रगड़ लग गई.
'इधर आओ समझते हैं'
छोटे बेटे सत्यम का कहना है कि हमने उनसे बस यही कहा - भैया जरा धीरे चला करो हम लोग घर जा रहे हैं. बस इतनी बात पर बाइक पर सवार तीन युवक नाराज हो गए. उन्होंने हमारी बाइक को आगे रोक लिया और कहा इधर आओ समझते हैं. इसके बाद उन्होंने हेलमेट से हम तीनों को मारना शुरू कर दिया. इसी दौरान किसी ने चाकू निकाल कर हम पर हमला कर दिया. हम तीनों पर हमला किया गया जिसमें मेरे पिताजी और भाई शिवम ज्यादा घायल हो गए. मैं दोनों को घायल अवस्था में लेकर पास के नर्सिंग होम में गया लेकिन उन्होंने खून देखकर कहा इनको मेडिकल कॉलेज ले जाओ. मैंने हाथ जोड़े कि कुछ व्यवस्था कर दो ताकि खून बंद हो जाए लेकिन वह नहीं माने और हमको वहां से वापस कर दिया. फिर मैं अपने पिता और भाई को लेकर हैलट हॉस्पिटल आया लेकिन वहां उनकी मौत हो गई.
सरेराह चाकू से गोदकर हत्या
बीच सड़क पर बाप बेटे की हत्या और एक बेटे के घायल होने की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल खुद अस्पताल पहुंचे जहां अधिकारियों ने घायल बेटे सत्यम से बातचीत की. पूरी जानकारी लेने के बाद पुलिस कमिश्नर रवि लाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा की यह तीनों लोग भी बाइक से जा रहे थे, तभी अपाचे गाड़ी पर आए तीन युवकों से उनकी टक्कर हो गई. उन लोगों ने इनपर हमला कर दिया जिसमें शिवनारायण और उनके बेटे शिव की मौत हो गई है जबकि सत्यम द्विवेदी घायल है. अब तीनों आरोपियों का पता चल गया है. इनमें शिवा वर्मा, करन वर्मा और उत्सव अवस्थी थे. इसमें से हमने शिवा वर्मा को पकड़ लिया है बाकी दोनों आरोपियों को भी खोजा जा रहा है.
इधर, शिवम की मां का रो रो के बुरा हाल है वह यही सवाल पूछ रही है कि मेरे बेटे की गलती क्या थी कौन सी दुश्मनी थी जो मेरे बेटे और पति को मार डाला मुझे न्याय चाहिए