scorecardresearch
 

शिवपुराण पाठ के बीच मंदिर में 'महाभारत', गर्भगृह के पास महिलाओं के बीच चले थप्पड़ और लात-घूंसे, VIDEO

झांसी के प्रसिद्ध झरना पति धाम मंदिर में शिवपुराण पाठ के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि मंदिर के पुजारी की पत्नी ने ट्रस्ट अध्यक्ष और भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी के साथ मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
ट्रस्ट अध्यक्ष और पुजारी की पत्नी में मारपीट.(Photo: Screengrab)
ट्रस्ट अध्यक्ष और पुजारी की पत्नी में मारपीट.(Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध मंदिर परिसर में दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित श्री झरना पति धाम मंदिर में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक महिला दूसरी महिला को बाल पकड़कर जमीन पर पटकते और मारपीट करते हुए दिखाई दे रही है.

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है. मंदिर ट्रस्ट की अध्यक्ष और भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री कविता शर्मा मंदिर परिसर में नियमित रूप से शिवपुराण का पाठ कर रही थीं. इसी दौरान मंदिर के पुजारी बलवीर रावत की पत्नी पूनम रावत अपने परिवार के साथ वहां पहुंचीं. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.

यह भी पढ़ें: झांसी: चतुर्भुज पाल की मौत का जिम्मेदार कौन? अस्थियां गले में टांगकर कलेक्ट्रेट पहुंचा छोटा भाई, लगाई इंसाफ की गुहार

कविता शर्मा का आरोप है कि विवाद के दौरान पूनम रावत ने उन पर भारी पत्थर या ईंट से हमला करने का प्रयास किया. प्रत्यक्षदर्शी ममता चौरसिया के अनुसार, उन्होंने बीच-बचाव कर कथित हमले को रोकने की कोशिश की, जिसके चलते पत्थर पास में रखे स्टील के दानपात्र पर जा लगा. बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दानपात्र क्षतिग्रस्त हो गया.

Advertisement

आरोप है कि इसके बाद भी विवाद नहीं थमा और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई. शिकायत के मुताबिक, बाल्टियों से भी हमला किया गया, जिससे पीड़िता को चोटें आईं. घटना के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और बच्चों में दहशत का माहौल बन गया.

वायरल वीडियो में मंदिर परिसर के भीतर दो महिलाओं के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है. वीडियो में एक महिला दूसरी महिला को बाल पकड़कर जमीन पर गिराते हुए नजर आती है. इसी दौरान वहां मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश करते दिखाई देते हैं.

देखें वीडियो...

कविता शर्मा ने आरोप लगाया है कि मंदिर के पुजारी बलवीर रावत ने विवाद रोकने के बजाय पूरी घटना का मोबाइल फोन से वीडियो बनाया. उनका दावा है कि यह सब उन्हें डराने और दबाव बनाने की मंशा से किया गया.

बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद के पीछे मंदिर के प्रबंधन और आर्थिक नियंत्रण को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था. ट्रस्ट अध्यक्ष पक्ष का आरोप है कि मंदिर में ट्रस्ट गठन के बाद व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने और धार्मिक आयोजनों के लिए नया दानपात्र लगाया गया था. इसी बात को लेकर पुजारी पक्ष नाराज था.

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मंदिर की संपत्ति, चढ़ावे और संसाधनों के उपयोग को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहे हैं. आरोप है कि इसी विवाद के चलते यह घटना हुई.

Advertisement

'सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची'

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई. पीड़िता कविता शर्मा ने थाना शहर कोतवाली में लिखित शिकायत देकर पूनम रावत और बलवीर रावत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने शिकायत और वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement