scorecardresearch
 

कच्छा-बनियान वाले बदमाशों की धमा-चौकड़ी... कुत्ते भौंके तो गुलेल चलाई, हूटर बजा तो भाग खड़े हुए, Video

यूपी में झांसी की पॉश कॉलोनी सनफ्रांस अशोक सिटी में बीती रात कच्छा बनियान गैंग ने धावा बोल दिया. इस दौरान कुत्तों के भौंकने पर एक बदमाश ने गुलेल से हमला कर उसे भगा दिया. बदमाश एक मकान में फांदकर दाखिल हो रहे थे, तभी बाइक सवार सिक्योरिटी गार्ड हूटर बजाता हुआ निकला. हूटर की आवाज सुनते ही बदमाश भाग खड़े हुए.

Advertisement
X
सीसीटीवी में मकान में घुसते दिखे बदमाश. (Photo: Screengrab)
सीसीटीवी में मकान में घुसते दिखे बदमाश. (Photo: Screengrab)

आधी रात... पॉश कॉलोनी... चेहरे ढके हुए आधा दर्जन संदिग्ध... और हाथ में गुलेल. झांसी की सनफ्रांस अशोक सिटी कॉलोनी में मंगलवार देर रात ऐसा ही देखने को मिला. कॉलोनी में घुसे संदिग्ध बदमाश पहले कुत्तों को गुलेल से निशाना बनाकर भगाते हैं, फिर बेखौफ गलियों में घूमते हुए एक मकान की तरफ बढ़ते हैं. लेकिन तभी सिक्योरिटी गार्ड के हूटर की आवाज सुनते ही पूरा गैंग दीवार फांदकर भाग निकलता है. उनकी यह पूरी हरकत कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई.

घटना नवाबाद थाना क्षेत्र की सनफ्रांस अशोक सिटी कॉलोनी की है, जहां डॉक्टरों, कारोबारियों और अन्य परिवारों के घर हैं. कॉलोनी के लोगों का दावा है कि आधी रात के बाद करीब आधा दर्जन नकाबपोश युवक पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसे. सभी सिर्फ कच्छा और बनियान पहने हुए थे. इसी वजह से लोगों को आशंका है कि ये कुख्यात 'कच्छा-बनियान गैंग' के सदस्य हो सकते हैं.

यहां देखें Video

पहले कुत्तों को भगाया, फिर मकानों की रेकी

कॉलोनी अध्यक्ष विनय उपाध्याय के मुताबिक, जैसे ही बदमाश अंदर दाखिल हुए, कॉलोनी के कुत्ते भौंकने लगे. इसके बाद एक बदमाश ने गुलेल से कुत्तों पर हमला किया, जिससे वे पीछे हट गए. इसके बाद बदमाश कॉलोनी में आराम से घूमते रहे और कथित तौर पर मकानों की रेकी करने लगे.

सीसीटीवी फुटेज में बदमाश कई गलियों में घूमते दिखाई देते हैं. वे एक मकान के भीतर घुसने की कोशिश भी कर रहे थे. इसी दौरान बाइक पर गश्त कर रहा सिक्योरिटी गार्ड हूटर और सीटी बजाते हुए मौके पर पहुंच गया. अचानक सुरक्षा गार्ड को देखकर बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई. सभी दीवार फांदकर भाग निकले. भागते वक्त कुछ संदिग्ध अपने जूते-चप्पल भी मौके पर छोड़ गए. कॉलोनी के लोगों का कहना है कि अगर सुरक्षा गार्ड समय पर नहीं पहुंचता तो कोई बड़ी वारदात हो सकती थी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: UP Crime: अंतरप्रांतीय कच्छा बनियान गिरोह के 13 बदमाश गिरफ्तार, 8 लाख के गहने और कैश बरामद

घटना के बाद से कॉलोनी में डर का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अब रात में चैन की नींद सोना मुश्किल हो गया है. एहतियात के तौर पर कॉलोनी की निजी सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन लोग पुलिस से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं.

कॉलोनी अध्यक्ष का कहना है कि संदिग्धों के पास हथियार होने की भी आशंका है. ऐसे में पुलिस को जल्द से जल्द गैंग के सदस्यों को पकड़ना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी वारदात को रोका जा सके.

पुलिस क्या कह रही है?

नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि कॉलोनी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है. आसपास के इलाकों के कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बदमाश कहां से आए और किस दिशा में फरार हुए.

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि सीसीटीवी में दिख रहे लोग वास्तव में कुख्यात 'कच्छा-बनियान गैंग' के सदस्य हैं या फिर उसी अंदाज में वारदात की कोशिश करने वाले कोई अन्य अपराधी. लेकिन इस घटना ने झांसी की इस पॉश कॉलोनी के लोगों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement