उत्तर प्रदेश के हरदोई (Hardoi) में मंगलवार को वकील की हत्या कर दी गई. इसके विरोध में आज अधिवक्ताओं ने बैठक की और 5 अगस्त तक न्यायिक कार्यों से विरत रहने का फैसला कर हड़ताल शुरू कर दी. वकील की हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर जुलूस निकाला. प्रदर्शन करने के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर भी प्रदर्शन किया. इसी के साथ दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
बता दें कि मंगलवार रात फौजदारी के सीनियर अधिवक्ता कनिष्क मेहरोत्रा की अज्ञात शूटरों ने उनके घर में बने ऑफिस में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन उनका इस वारदात से कोई मजबूत कनेक्शन नहीं मिला. अभी तक पुलिस के हाथ इस मामले में खाली हैं, जिसको लेकर वकीलों में आक्रोश है.
यह भी पढ़ें: उरण हत्याकांड: आरोपी दाऊद गिरफ्तार, 20 वर्षीय लड़की की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंकने का आरोप
हत्याकांड को लेकर आज हरदोई में वकीलों ने अधिवक्ता संघ में बैठक कर 5 अगस्त तक न्यायिक कार्य से विरत रहने का फैसला किया. अधिवक्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जुलूस निकाला और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारी वकील हाथ में तख्तियां लिए हुए थे.
पुलिस ने इस मामले में मृतक अधिवक्ता से जिन लोगों का जमीनी विवाद चल रहा था, उनमें कुछ लोगों को हिरासत में लिया है. इनमें समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष भी शामिल हैं. फिलहाल अभी तक पुलिस को इस मामले में कोई कोई ठोस सफलता नहीं मिली है. शूटरों के बारे में भी कोई ठोस सुराग पुलिस को हासिल नहीं हुआ है. पुलिस की कई टीमें इस हत्याकांड को लेकर कई जांच कर रही हैं.
डीएम एमपी सिंह ने कहा कि कल शाम को शहर में सिनेमा चौराहे पर एक सीनियर अधिवक्ता को गोली मारी गई. उनकी डेथ हो गई. इसमें एफआईआर दर्ज हुई है. पुलिस लगातार सक्रिय है. जिन लोगों ने ऐसा किया है, निश्चित रूप से पकड़े जाएंगे और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी. अभी बार का प्रतिनिधिमंडल हमसे मिला है. पुलिस अधीक्षक से भी मिल चुका है. इन लोगों की मांग है कि जो हत्यारे हैं, उन्हें अरेस्ट किया जाए, उनके खिलाफ कार्रवाई हो. निश्चित रूप से घटना निंदनीय है और कठोर कार्रवाई की जाएगी.
बार संघ हरदोई के अध्यक्ष केडी शुक्ला ने कहा कि हमारे वरिष्ठ अधिवक्ता कनिष्क मेहरोत्रा का तीन लोगों ने कत्ल कर दिया, जो सीसीटीवी में कैद हैं. सीसीटीवी फुटेज पुलिस ले गई है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं कर पाई है, क्यों नहीं कर पाई, इसका कारण वही जान पाएंगे. हम यह चाहते हैं कि मुलजिम गिरफ्तार हों और उनको सजा हो. इस तरीके से अधिवक्ता लोगों के साथ होने लगा तो हम लोगों का भविष्य चौपट है. यह लोग और चौपट कर देंगे. हम लोगों की किसी से दुश्मनी नहीं होती. हम लोग पक्ष विपक्ष का काम करते हैं. दुश्मनी नहीं होती. मांग यह है कि 2 दिन के अंदर आरोपी को पकड़कर उनका एनकाउंटर करें, मकान गिराए जाएं, अन्यथा 2 दिन के बाद हम लोग उग्र प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी. आज हम लोगों ने शांतिपूर्ण जुलूस निकाला है.