उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रात्रि गश्त के दौरान दो पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. बाइक पर शराब लेकर जा रहे युवकों को रोककर पूछताछ करना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया. आरोप है कि युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर दोनों सिपाहियों के साथ जमकर मारपीट की, जिसमें एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
घटना हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव रोड पर स्थित शराब के ठेके के पास की है. जानकारी के अनुसार 12 और 13 जून की दरम्यानी रात को थाना हापुड़ देहात में तैनात सिपाही दौलतराम और अमित सरकारी लेपर्ड बाइक पर रात्रि गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें सड़क पर कुछ युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते दिखाई दिए.
पुलिस का दावा, 11 लोगों ने किया था हमला
पुलिसकर्मियों ने युवकों को रोककर पूछताछ की और घर जाने की सलाह दी. आरोप है कि इस दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए. इसी बीच उन्होंने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया. बताया जा रहा है कि करीब 11 लोगों ने मिलकर दोनों पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया.
हमले में सिपाही दौलतराम के सिर में गंभीर चोट लगी और उनका सिर फट गया, जिससे काफी खून बहने लगा. वहीं दूसरे सिपाही अमित को भी चोटें आईं. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर थाना हापुड़ देहात की अतिरिक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया गया.
अब तक 3 गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मामले में हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मी चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान एक बाइक पर सवार कुछ युवकों को पूछताछ के लिए रोका गया. तलाशी के दौरान उनके पास शराब की बोतलें मिलीं. इसके बाद युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट की.
एसपी ने बताया कि इस संबंध में थाना हापुड़ देहात में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. अब तक चिन्हित 11 आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.