scorecardresearch
 

फर्रुखाबाद: बहन से छेड़छाड़ पर खौफनाक सजा! दोस्त की हत्या कर खेत में गाड़ दिया शव, 9 महीने बाद मिला कंकाल

फर्रुखाबाद में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है. 9 महीने पहले गायब हुए ओमवीर राठौर का कंकाल मक्के के खेत से बरामद किया गया. मुख्य आरोपी रामू यादव ने बहन से छेड़छाड़ की रंजिश में हत्या की बात कबूल ली है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव को बरामद कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
खेत से कंकाल निकालती पुलिस टीम (Photo- Screengrab)
खेत से कंकाल निकालती पुलिस टीम (Photo- Screengrab)

Uttar Pradesh News: फर्रुखाबाद के गुजरपुर पमारान गांव में 20 जुलाई को रामू यादव ने अपने दोस्त ओमवीर राठौर की शराब पिलाकर गला दबाकर हत्या कर दी. आरोपी ने रंजिश के चलते शव को फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग के पास एक खेत में 6 फीट गहरे गड्ढे में गाड़ दिया था. पुलिस ने 9 महीने बाद अब मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर जेसीबी की मदद से कंकाल बरामद किया. यह वारदात बहन से छेड़छाड़ का बदला लेने के लिए अंजाम दी गई थी.

जेसीबी से हुई खुदाई, 24 घंटे में मिला कंकाल

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह ओमवीर को घर से बुलाकर ले गया था. मक्के के खेत में खुदाई के दौरान 24 घंटे की मशक्कत के बाद ओमवीर का कंकाल, कपड़े और अन्य सामान मिला. 

फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों ने पहले ही गांव के कुछ लोगों पर शक जाहिर करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था. फिलहाल, आरोपी ने बहन से छेड़छाड़ की रंजिश में हत्या की बात कबूल कर ली है.

पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल

इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए हैं. ओमवीर की पत्नी और मां का आरोप है कि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे मामला इतना लंबा खिंच गया. अपर पुलिस अधीक्षक ने पुरानी लापरवाही की जांच के आदेश दे दिए हैं. फिलहाल, पुलिस घटना में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है ताकि हत्याकांड की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement