ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के लुहारली टोल प्लाजा पर बुधवार शाम करीब 7:45 बजे जमकर हंगामा देखने को मिला. दबंगों ने हूटर बजाते हुए बूम बैरियर तोड़कर जबरन एक दर्जन गाड़ियां निकालीं. बिना टोल टैक्स दिए गाड़ियों को निकालने से रोकने और बूम बैरियर दोबारा लगाने पर आरोपियों ने टोल कर्मचारियों के साथ हाथापाई और मारपीट की. बीच-बचाव करने आए टोल कर्मी लोकमान सिंह पर ईंट-पत्थरों से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया. पुलिस ने टोल प्लाजा की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
हूटर बजाकर तोड़ा बैरियर, खिड़कियों पर लटके दिखे युवक
बुधवार की रात लुहारली टोल प्लाजा पर अचानक गाड़ियों का एक काफिला पहुंचा. इन गाड़ियों में सवार युवक खिड़कियों से बाहर लटके हुए थे और लगातार हूटर बजा रहे थे. जब टोल कर्मियों ने नियमों के मुताबिक गाड़ियां रोकने की कोशिश की, तो दबंगों ने सीधे गाड़ियों से बूम बैरियर को ही तोड़ दिया. इसके बाद एक के बाद एक करीब एक दर्जन गाड़ियां बिना टोल टैक्स चुकाए वहां से जबरन निकलने लगीं.
एक किलोमीटर तक दौड़ाकर टोल कर्मी को किया अधमरा
खुर्जा के रहने वाले पीड़ित टोल कर्मी लोकमान सिंह ने बताया कि जब उन्होंने दबंगों को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया. जान बचाने के लिए जब लोकमान वहां से भागे, तो आरोपियों ने करीब एक किलोमीटर तक उनका पीछा किया. दबंगों ने उन्हें सड़क पर गिराकर ईंट और पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर गए.
अस्पताल में भर्ती पीड़ित, पुलिस जांच में जुटी
गंभीर रूप से घायल लोकमान सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. इस पूरी वारदात का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दबंगों की गुंडागर्दी साफ दिखाई दे रही है. दादरी थाना पुलिस ने टोल प्लाजा प्रबंधन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है.