उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग झुलस गए. हादसा गुलरिहा थाना क्षेत्र में अयोध्या प्रसाद चौहान टोला के पास हुआ. प्रतिमा विसर्जन के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर जा रहे लोग अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए. जानकारी के मुताबिक, जंगल अयोध्या प्रसाद में स्थापित दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली से ले जाया जा रहा था. ट्रॉली में एक लंबी रॉड लगी हुई थी. रास्ते में ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से यह रॉड टकरा गई. इसके बाद ट्रॉली पर सवार लोगों को करंट लग गया.
बिजली आपूर्ति शुरू होते ही हुआ हादसा
बताया गया कि बिजली विभाग ने पहले बिजली की आपूर्ति बंद कर रखी थी. इसी दौरान प्रतिमा लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली रजही चौराहे पर पहुंची. तभी बिजली आपूर्ति शुरू हो गई. इससे तार प्रतिमा के संपर्क में आ गया और ट्रॉली पर खड़े लोग करंट की चपेट में आ गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. करंट लगने से कई लोग झुलस गए. इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए.
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले लोगों के साथ हुए इस हादसे ने उत्सव के माहौल को मातम में बदल दिया. प्रतिमा को ट्रैक्टर ट्रॉली से ले जाते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से संपर्क होने के कारण यह घटना हुई. गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई और 10 लोग झुलस गए. घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है.