गाजियाबाद के रजापुर गांव में 14 वर्षीय किशोरी से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पीड़िता की मां की शिकायत पर कविनगर थाना पुलिस ने परचून दुकानदार समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. वहीं, आरोपी पक्ष ने पूरे मामले को साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी बीती देर शाम पड़ोस की परचून की दुकान पर सामान लेने गई थी. आरोप है कि दुकान संचालक ने किशोरी को दुकान के अंदर बुलाकर उसके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की. विरोध करने पर उसे डराने-धमकाने की भी बात सामने आई है.
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद: पूजा से लौट रहे लोगों पर हमला, पथराव के बाद हिंसक झड़प... कई हिरासत में
शिकायत मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया. मामले में नामजद आरोपी बब्बल चौधरी और प्रशांत चौधरी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पीड़िता पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी.
मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी दुकानदार के परिवार के लोग बड़ी संख्या में कविनगर थाने पहुंच गए. परिवार के सदस्यों ने पूरे मामले को झूठा बताते हुए दुकानदार को फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया. परिवार का कहना है कि जिस समय की घटना बताई जा रही है, उस वक्त दुकान पर आरोपी के पिता, अन्य कर्मचारी और कई ग्राहक मौजूद थे. ऐसे में दुकान के अंदर बुलाकर छेड़छाड़ करने का आरोप पूरी तरह निराधार बताया जा रहा है.
आरोपी पक्ष की सफाई और निष्पक्ष जांच की मांग
आरोपी पक्ष ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है. उनका कहना है कि घटना के समय कई लोग मौजूद थे, इसलिए आरोपों की गहन जांच की जानी चाहिए.
दूसरी ओर शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि उसकी बेटी के साथ दुकान के अंदर अभद्रता हुई. महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने इस घटना की शिकायत दुकानदार के परिवार से की तो उसे धमकाया गया.
महिला का यह भी कहना है कि दुकानदार के एक अन्य साथी ने भी धमकी दी, जिसके खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज कराया गया है.
इलाके में चर्चा, जांच जारी
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटनास्थल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है. मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और सभी की नजर अब पुलिस जांच पर टिकी हुई है.