scorecardresearch
 

गाजियाबाद: पूजा से लौट रहे लोगों पर हमला, पथराव के बाद हिंसक झड़प... कई हिरासत में

गाजियाबाद के केला भट्टा इलाके में मंदिर से लौट रहे लोगों पर पथराव के बाद तनाव फैल गया. मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें महिलाएं सहित कई लोग घायल हुए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है.

Advertisement
X
गाजियाबाद में पथराव के बाद इलाके में तैनात पुलिसकर्मी. (Photo: screengrabs)
गाजियाबाद में पथराव के बाद इलाके में तैनात पुलिसकर्मी. (Photo: screengrabs)

गाजियाबाद के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित केला भट्टा इलाके में शुक्रवार को उस समय अचानक तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब छोटा कैला मंदिर से पूजा-अर्चना कर लौट रहे लोगों के समूह पर पथराव कर दिया गया. घटना ने देखते ही देखते सांप्रदायिक रंग ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई और पथराव शुरू हो गया. इस दौरान महिलाएं समेत कई लोग घायल हो गए, जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल चिकित्सा परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया. हालात की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए. इसी बीच, कुछ हिंदू संगठनों के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध जताया, जिससे तनाव और बढ़ने की आशंका पैदा हो गई. हालांकि, पुलिस ने संयम और तत्परता का परिचय देते हुए हालात को बिगड़ने से रोक लिया.

पुलिस ने 10 को हिरासत में लिया
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ सड़क पर चलने को लेकर हुआ एक मामूली विवाद था. जिसने कुछ ही देर में उग्र रूप ले लिया और हिंसा में बदल गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में शांति व्यवस्था कायम है. साथ ही, संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement