फिरोजाबाद के थाना लाइनपार पुलिस ने आजाद नगर क्षेत्र में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने एक मकान पर छापा मारा, जहां से दो महिलाओं और दो पुरुषों को रंगेहाथ पकड़ लिया. पुलिस का कहना है कि इस मामले की मुख्य आरोपी महिला अपने घर से ही अनैतिक कामों का संचालन कर रही थी.
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष रमित कुमार आर्य को सूचना मिली थी कि आजाद नगर स्थित एक मकान में देह व्यापार का काम चल रहा है. जिस मकान में यह धंधा चल रहा था, उसके पास एक स्कूल भी है. पुलिस टीम ने जब यहां एक महिला के घर पर छापा मारा तो हड़कंप मच गया.
आपत्तिजनक हालत में भागने की कोशिश
पुलिस ने जैसे ही मकान में एंट्री की तो बरामदे में बैठी महिला ने शोर करना शुरू कर दिया. वह चिल्लाने लगी कि 'भागो, पुलिस आ गई.' इस दौरान कमरे के अंदर से दो युवक आपत्तिजनक हालत में बाहर की ओर भागे, जिन्हें घेराबंदी कर पुलिस टीम ने पकड़ लिया. वहीं, कमरे से निकल रही एक अन्य महिला को महिला पुलिसकर्मियों ने हिरासत में ले लिया.

छापेमारी के दौरान रैकेट की संचालिका महिला को पुलिस ने पकड़ा है, उसके पास से 4800 रुपये बरामद हुए. वहीं एक अन्य महिला थाना रसूलपुर एरिया की रहने वाली है, जिसे यहां देह व्यापार के लिए बुलाया गया था. इसी के साथ दो पुरुषों को पकड़ा गया है.
ग्राहकों से संचालिका ने लिए थे 300-300 रुपये
पूछताछ में संचालिका ने स्वीकार किया है कि वह महिला को अपने पास रखती थी और ग्राहकों से मोटी रकम वसूलती थी. मौके पर पकड़े गए ग्राहकों से उसने 300-300 रुपये लिए थे. वहीं, पकड़ी गई दूसरी महिला ने पुलिस के सामने अपनी मजबूरी का हवाला देते हुए इस धंधे में शामिल होने की बात कही.
पूरे मामले में सीओ सिटी ने क्या कहा?
इस मामले को लेकर सीओ सिटी फिरोजाबाद प्रवीण तिवारी ने कहा कि पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम और बीएनएस की धारा 296 के तहत केस दर्ज किया गया है. क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.