उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के सखियांव गांव में बैंड-बाजे और नाच गाने के बीच चल रही बारात में हरियाणा से पहुंची एक युवती ने हंगामा शुरू कर दिया. युवती ने दूल्हे प्रेमिका होने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर दूल्हे ने हरियाणा में न सिर्फ उसे लिव इन रिलेशनशिप में रखा बल्कि उसके साथ दुष्कर्म भी किया. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया. उधर दुल्हन पक्ष के लोग बारात का इंतजार करते रह गए.
आपको बता दें कि थरियांव थाना क्षेत्र के सखियांव (मंडा सराय) निवासी मोहित की शादी खखरेरु थाना क्षेत्र की तेंदुआ निवासी एक युवती से तय हुई और बुधवार को शादी थी. तय कार्यक्रम के अनुसार दुल्हे के घर में बारात विदा होने की रस्में चल रही थीं. इसी दौरान हरियाणा से एक युवती दूल्हे के घर पहुंच गई और हंगामा करते हुए डायल-112 पर सूचना दे दी.
पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे मोहित को लेकर थाने आ गई. युवती ने मोहित पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि फेसबुक पर उनकी दोस्ती हुई थी. मोहित ने शादी का भरोसा देकर जनवरी 2023 से उसके साथ लिव-इन में रहते हुए संबंध बनाए और आर्थिक शोषण भी किया.
फरवरी 2026 में फतेहपुर बुलाकर एक होटल में ठहराया और शादी का आश्वासन देकर वापस भेज दिया जिसके बाद अब वह दूसरी जगह शादी कर रहा है. उधर दुल्हन सज-धज कर बारात का इंतजार कर रही थी, जबकि मेहमान भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे. देर तक बारात न पहुंचने पर लड़की पक्ष ने फोन से जानकारी ली. मामले की जानकारी होने पर दुल्हन के परिजन थाने पहुंचे. देर रात तक दोनों पक्ष के लोग थाने में मौजूद रहे लेकिन मुकदमा लिखा जाने के बाद रिश्तेदार निराश होकर लौट गए.
थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि इस मामले में मोहित के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया गया है.