scorecardresearch
 

प्रेमिका को मारकर बोरे में भरा शव... जेवर और कैश लेकर नाबालिग प्रेमी दोस्त के साथ फरार

फर्रुखाबाद में छह दिन से लापता 15 वर्षीय छात्रा की हत्या का खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार नाबालिग प्रेमी और उसके साथी ने नकदी व जेवर के लालच में गला दबाकर हत्या कर शव बोरे में भरकर काली नदी किनारे फेंक दिया. मुख्य आरोपी हिरासत में है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है. पुलिस ने शव और सामान बरामद कर लिया है.

Advertisement
X
शव काली नदी किनारे फेंका.(Photo: Screengrab)
शव काली नदी किनारे फेंका.(Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां छह दिन से लापता 9वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार नाबालिग प्रेमी और उसके नाबालिग साथी ने नकदी और जेवर के लालच में किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर काली नदी के पास फेंक दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसका साथी फरार बताया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, नवाबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा 28 मार्च की रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी. परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी और संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने की गुत्थी सुलझाने में जुट गई.

यह भी पढ़ें: फर्रुखाबाद: बहन से छेड़छाड़ पर खौफनाक सजा! दोस्त की हत्या कर खेत में गाड़ दिया शव, 9 महीने बाद मिला कंकाल

जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली कि छात्रा ने प्रेमी द्वारा भेजी गई नींद की गोलियां दूध में मिलाकर परिजनों को पिला दी थीं. परिजनों के बेहोश होने के बाद वह घर से 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर प्रेमी के साथ चली गई थी.

Advertisement

लालच में बदली साजिश, हत्या की वारदात

पुलिस जांच में सामने आया कि गांव के बाहर नलकूप पर प्रेमी और उसका साथी मौजूद थे. नकदी और जेवर देखकर दोनों के मन में लालच आ गया और आरोप है कि दोनों ने मिलकर किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर पहले खेत में छिपाया गया.

अगले दिन आरोपियों ने शव को मोहम्मदाबाद क्षेत्र के काली नदी किनारे फेंक दिया. इस पूरी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी.

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच का दायरा बढ़ाया. शुरुआती पूछताछ में कुछ संदिग्धों को छोड़ा गया, लेकिन पुलिस का कहना है कि आरोपियों पर नजर रखने के लिए ऐसा किया गया था.

सख्ती से पूछताछ में खुला राज

पुलिस ने मुखबिरों और तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी. इसके बाद मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव, जेवर और अन्य सामान बरामद कर लिया है.

Advertisement

घटनास्थल का निरीक्षण पुलिस के आला अधिकारियों ने किया और फॉरेंसिक टीम ने भी अहम साक्ष्य जुटाए. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

भरोसे का कत्ल और जांच जारी

प्रेम के नाम पर भरोसे का कत्ल की यह घटना पूरे इलाके को झकझोर देने वाली है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उम्मीद है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement