scorecardresearch
 

तीसरी बार मां बनी शेरनी नीरजा, 4 शावकों को दिया जन्म, इटावा सफारी में पैदा हुए 18 शेर

इटावा स्थित देश के प्रतिष्ठित सफारी पार्क में शेरनी नीरजा ने चार शावकों को जन्म दिया है. जन्म 8 मार्च की रात अलग-अलग समय पर हुआ. सफारी प्रशासन ने बताया कि एशियाटिक शेर कान्हा और नीरजा की मेटिंग नवंबर 2025 में हुई थी. सभी शावकों और शेरनी की निगरानी सीसीटीवी से की जा रही है और उनकी हालत सामान्य बताई गई है.

Advertisement
X
शेरनी नीरजा ने चार शावकों को दिया जन्म (Photo: Screengrab)
शेरनी नीरजा ने चार शावकों को दिया जन्म (Photo: Screengrab)

इटावा में स्थित देश के प्रतिष्ठित सफारी पार्क में रविवार को खुशी की लहर दौड़ गई. सफारी पार्क में नीरजा नाम की शेरनी ने चार शावकों को जन्म दिया है. इस खबर के सामने आते ही सफारी प्रशासन और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा गया. इटावा सफारी पार्क में पेंच सफारी संचालित है. यहां लायन सफारी, लेपर्ड सफारी, एंटीलोप सफारी, डियर सफारी और बियर सफारी पर्यटकों के लिए खोली गई हैं. सफारी में वन्यजीवों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं. अब चार नए शावकों के जन्म के बाद सफारी में शेरों की संख्या और बढ़ गई है.

सफारी पार्क के निदेशक डॉ. अनिल पटेल ने बताया कि सफारी पार्क में रहने वाले एशियाटिक बब्बर शेर कान्हा और शेरनी नीरजा की मेटिंग 18 नवंबर से 21 नवंबर 2025 के बीच हुई थी. इसके बाद आईवीआरआई बरेली से शेरनी नीरजा के गर्भवती होने की पुष्टि की गई.

8 मार्च की रात अलग-अलग समय पर चारों शावकों का हुआ जन्म

गर्भ की पुष्टि होने के बाद शेरनी को ब्रीडिंग सेंटर में शिफ्ट किया गया था. वहां समर्पित कीपरों की टीम उसकी विशेष देखभाल कर रही थी. डॉ. अनिल पटेल के मुताबिक 8 मार्च की शाम 8 बजकर 25 मिनट पर शेरनी नीरजा ने पहले शावक को जन्म दिया. इसके बाद 9 बजकर 7 मिनट पर दूसरे, 9 बजकर 43 मिनट पर तीसरे और 9 बजकर 59 मिनट पर चौथे शावक का जन्म हुआ.

सफारी प्रशासन इन सभी शावकों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार कर रहा है. फिलहाल शेरनी नीरजा अपने चारों शावकों की अच्छी तरह देखभाल कर रही है. बताया गया कि नीरजा तीसरी बार मां बनी है. इससे पहले भी वह पांच शावकों को जन्म दे चुकी है. 

Advertisement

ब्रीडिंग सेंटर में रखकर की जा रही थी शेरनी की खास देखभाल

पहली बार दो और दूसरी बार तीन शावकों का जन्म हुआ था और सभी शावक इटावा सफारी पार्क में स्वस्थ तरीके से पल रहे हैं. चार नए शावकों के जन्म के बाद अब इटावा सफारी पार्क में शेरों की संख्या 23 हो गई है. इनमें से 18 शेरों का जन्म इसी सफारी पार्क में हुआ है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement