scorecardresearch
 

तेज रफ्तार ट्रक ने मां-बेटे को रौंदा, भाई की आंखों के सामने बहन और भांजे ने तोड़ा दम

एटा में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन ले गया. यहां एक महिला अपने मासूम बच्चे को गोद में लेकर भाई की बाइक पर जा रही थी. इसी दौरान एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इसमें मां और बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई.

Advertisement
X
तेज रफ्तार ट्रक ने मां-बेटे को रौंदा ([Photo: itg)
तेज रफ्तार ट्रक ने मां-बेटे को रौंदा ([Photo: itg)

उत्तर प्रदेश के एटा से बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन ले गया. एटा के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित माया पैलेस चौराहे के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मां और बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीन लोग जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और मां-बेटे को रौंदते हुए निकल गया.

इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की जान बाल-बाल बच गई, लेकिन उसने अपनी आंखों के सामने अपनी बहन और छोटे से भांजे को दम तोड़ते देखा. ये एक ऐसा मंजर था जिसे वह शायद जिंदगी भर भूल नहीं पाएगा.
 
इस दर्दनाक घटना की पूरी तस्वीर पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जो हादसे की भयावहता को बयां कर रही है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं मौके से ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक हादसे के बाद फरार हो गया. उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.

मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल है. एक पल में हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया और पीछे रह गईं सिर्फ यादें और आंसू. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Advertisement