scorecardresearch
 

'योगी जी जय श्री राम' कहकर लोग खुद ही अभिवादन करते हैं, देवरिया में बोले CM Yogi

सीएम योगी ने देवरिया में कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में अब लोग उन्हें देखकर खुद 'योगी जी जय श्री राम' कहकर अभिवादन करते हैं. उन्होंने दावा किया कि यूपी में माफिया मिट्टी में मिल गए और गुंडे पलायन कर गए. सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस पर राम विरोध और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि अयोध्या, काशी और मथुरा समेत धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास हुआ है.

Advertisement
X
सीएम योगी ने देवरिया में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा (File photo: ITG)
सीएम योगी ने देवरिया में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा (File photo: ITG)

सीएम योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने जहां प्रदेश में कानून व्यवस्था, धार्मिक स्थलों के विकास और राम मंदिर को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है. पहले राज्य को गुंडों और माफिया से जोड़ा जाता था, लेकिन अब यूपी राम, कृष्ण और बाबा विश्वनाथ की धरती के रूप में दुनिया भर में पहचान बना रहा है.

देवरिया में मुख्यमंत्री का अंदाज काफी आक्रामक दिखाई दिया. उन्होंने कहा कि आज महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, केरल और अरुणाचल देश के अलग-अलग राज्यों में लोग उन्हें देखकर खुद 'योगी जी जय श्री राम' कहकर अभिवादन करते हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश के लोगों को दूसरे राज्यों में अपने राज्य का नाम बताते हुए झिझक होती थी. उन्होंने कहा कि पहले यूपी की पहचान दंगों, माफिया और अपराधियों से होती थी. बाहर जाने पर लोग डरते थे कि कहीं यूपी का नाम सुनकर गलत नजर से न देखा जाए. लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है. अब यूपी का नाम सुनकर लोगों के चेहरे पर सम्मान दिखाई देता है.

माफिया मिट्टी में मिल गए

योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने कानून व्यवस्था पर सख्ती से काम किया है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई. मुख्यमंत्री ने माफियाओं और अपराधियों पर कार्रवाई को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में माफिया मिट्टी में मिल गए हैं और गुंडे पलायन कर गए हैं. जिसने जनता को आंख दिखाने की कोशिश की, वह अपने आप यमराज के घर पहुंच गया. मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को हमेशा राम नाम से परेशानी रही है. उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान राम भक्तों पर लाठियां चलाई गईं. धार्मिक यात्राओं और आयोजनों को रोका गया. योगी ने देवरिया के लार क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि सपा सरकार के समय दुर्गा पूजा के जुलूसों पर लाठीचार्ज तक किया जाता था. उन्होंने कहा कि उस समय त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को भी राजनीति के चश्मे से देखा जाता था. लेकिन आज डबल इंजन सरकार में हर धर्म और परंपरा को सम्मान मिल रहा है.

Advertisement

अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता की ताकत और डबल इंजन सरकार के सहयोग से अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन चुका है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मंदिर निर्माण नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का सम्मान है. योगी ने दावा किया कि आज देश-दुनिया से लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं और राम मंदिर को देखकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यूपी में सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि काशी, मथुरा-वृंदावन, नैमिषारण्य, विंध्यवासिनी धाम, प्रयागराज और कुशीनगर जैसे धार्मिक स्थलों का भी तेजी से विकास हुआ है.

विरासत और विकास साथ-साथ

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है. उन्होंने कहा कि पहले धार्मिक स्थलों की उपेक्षा होती थी, लेकिन अब उन्हें आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है. सीएम योगी ने दावा किया कि यूपी अब आध्यात्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है, जिससे रोजगार और स्थानीय व्यापार को भी फायदा मिल रहा है.

लोग खुद बोलते हैं- योगी जी जय श्री राम

मुख्यमंत्री ने एक दिलचस्प अनुभव भी साझा किया. उन्होंने कहा कि जब वह देश के अलग-अलग हिस्सों में जाते हैं तो लोग खुद उन्हें देखकर 'योगी जी जय श्री राम' कहकर अभिवादन करते हैं. उन्होंने अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु और केरल का जिक्र करते हुए कहा कि अब राम और उत्तर प्रदेश की पहचान पूरे देश में नए रूप में उभरी है. सीएम योगी ने कहा कि यह बदलाव जनता के विश्वास की वजह से संभव हुआ है.

Advertisement

विपक्ष पर जातिवाद और तुष्टिकरण का आरोप

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर जाति और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में योजनाओं का लाभ चेहरा देखकर दिया जाता था. विकास सिर्फ कुछ परिवारों तक सीमित था. योगी ने कहा कि पहले सरकारें अपना परिवार भरने में लगी थीं. गरीब, किसान, नौजवान और महिलाएं योजनाओं से दूर रह जाते थे. लेकिन अब सरकार बिना भेदभाव के काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि आज अपराधियों में कानून का डर दिखाई देता है. सीएम योगी ने दावा किया कि प्रदेश में निवेश बढ़ने के पीछे सबसे बड़ा कारण बेहतर कानून व्यवस्था है. उन्होंने कहा कि जब सुरक्षा का माहौल बनता है, तभी विकास भी तेजी से आगे बढ़ता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement