मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 710 करोड़ रुपये से अधिक की कुल 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करके बुंदेलखंड को बेहतरीन कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात दी है. उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था और बदहाली की तुलना आज के बदलते उत्तर प्रदेश से की. मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से अपराधियों और माफियाओं को सीधे मंच से चेतावनी दी. उन्होंने डबल इंजन सरकार की नीतियों को बिना किसी भेदभाव और तुष्टिकरण के धरातल पर उतारने की बात कही.
पलायन और प्यास से मुक्त हुआ बुंदेलखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले के बांदा और आज के बांदा में जमीन-आसमान का परिवर्तन दिखाई पड़ता है. एक समय था जब पलायन और प्यास ही बुंदेलखंड की मुख्य पहचान बन चुकी थी. यहां कनेक्टिविटी, सिंचाई और पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण नौजवानों को पलायन करना पड़ता था और हमारी बेटियां पूरी तरह असुरक्षित थीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के देश की बागडोर संभालने के बाद यहां विकास की एक नई आशा की किरण जगी है.
माफिया और डकैतों के आतंक का हुआ खात्मा
योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि साल 2017 के पहले बुंदेलखंड में कहीं खनन माफिया, कहीं सैंड माफिया, लैंड माफिया, वन माफिया तो कहीं डकैतों का भारी आतंक था. किसान अपने ही खेत में जाने से डरता था और पाठा का क्षेत्र डकैतों की फिरौती वसूली का माध्यम बन गया था. अगर ऐसे भू-माफिया और डकैत चुनाव जीतकर जाएंगे, तो वे व्यापारियों का अपहरण करेंगे, लोगों की जमीनों पर जबरन कब्जा करेंगे और गरीबों को उजाड़ेंगे.
रखवाले ही करते थे उत्तर प्रदेश की लूट
सीएम योगी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में जिसको भी प्रदेश की रखवाली की जिम्मेदारी दी गई थी, वही लोग पूरे प्रदेश को लूटने में व्यस्त थे. उस समय गरीबों के लिए न तो मुफ्त अन्न की व्यवस्था थी, न उज्ज्वला योजना का लाभ मिलता था और न ही प्रधानमंत्री आवास योजना थी. आज यह डबल इंजन की सरकार है, जो किसी भी स्तर पर कोई भेदभाव नहीं करती और न ही तुष्टिकरण की नीति पर चलती है.
सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को यमराज की चेतावनी
अपराधियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार उपद्रव, गुंडागर्दी और कर्फ्यू को बिल्कुल भी पसंद नहीं करती है. यह सरकार बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को साफ चेतावनी देती है. अगर वे सीधे शब्दों में नहीं मानते हैं, तो हमारी पुलिस और सरकार उनके लिए सीधे यमराज के घर जाने का रास्ता भी खोल देती है. आज अपराधियों के मन में कानून का डर साफ देखा जा सकता है.
विरासत के अपमान और तुष्टिकरण पर साधा निशाना
विपक्ष को घेरते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने हिंदू संस्कृति और सनातन धर्म को कोसना तथा उसका अपमान करना ही अपना एकमात्र लक्ष्य बना लिया है. बीजेपी सरकार आई तो जनता का पैसा मंदिरों के विकास और धामों के सौंदर्यीकरण में इस्तेमाल हो रहा है, जबकि सपा की सरकार में यही पैसा कब्रिस्तान बनाने में जाता था. सपा के लोगों को कब्रिस्तान प्यारा है, इसलिए वे राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और मां विंध्यवासिनी धाम का लगातार विरोध करते हैं.