छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक युवक के लिए रेलवे ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ना जानलेवा साबित होते-होते बचा. सुपेला अंडरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर खड़ी BTPN वैगन वाली गुड्स ट्रेन के एक वैगन पर युवक चढ़ गया. जैसे ही वह वैगन के ऊपर पहुंचा, वह वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया. तेज बिजली के झटका लगने के बाद युवक वैगन से नीचे जमीन पर जा गिरा.
करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया. उसके शरीर पर कई जगह गंभीर जलने के निशान आए. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. घायल युवक बार-बार खुद को अस्पताल ले जाने की बात कह रहा था. लोगों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस, RPF के जवान और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे.
यह भी पढ़ें: 'नौकरी मां से बड़ी नहीं...', 11 महीने तक मां को ढूंढ़ती रही बेटी, भिलाई में हुआ भावुक मिलन
घायल युवक ने मौके पर पुलिस को अपना नाम गणेश गुप्ता बताया. वह गौतम नगर सुपेला का रहने वाला है. हादसे के करीब 40 मिनट बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची. इसके बाद आसपास मौजूद युवकों की मदद से गंभीर रूप से घायल गणेश गुप्ता को एंबुलेंस के जरिए सुपेला के शासकीय शास्त्री अस्पताल भेजा गया.
सिग्नल नहीं मिला तो ट्रैक पर खड़ी थी गुड्स ट्रेन
जानकारी के मुताबिक, घटना भिलाई भठ्ठी थाना क्षेत्र में सुपेला अंडरब्रिज के पास हुई. रेलवे ट्रैक पर BTPN वैगन वाली गुड्स ट्रेन सिग्नल नहीं मिलने के कारण खड़ी थी. बताया जा रहा है कि इन वैगनों में डीजल भरा हुआ था. इसी दौरान गौतम नगर सुपेला निवासी गणेश गुप्ता एक वैगन की सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़ गया.
जैसे ही गणेश वैगन के ऊपर पहुंचा, वह हाईटेंशन OHE लाइन के संपर्क में आ गया. इसके बाद तेज करंट का झटका लगा और वह वैगन से नीचे जमीन पर जा गिरा. बिजली के झटके से उसका शरीर कई जगह झुलस गया. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश शुरू हुई.
पुलिस, RPF और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की. करीब 40 मिनट बाद एंबुलेंस पहुंची. आसपास मौजूद युवकों ने घायल गणेश को एंबुलेंस तक पहुंचाने में मदद की. पहले उसे सुपेला के शासकीय शास्त्री अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने के कारण बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर के शासकीय अस्पताल भेज दिया गया.
60 फीसदी झुलसा, रायपुर में चल रहा इलाज
CSP भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि सुपेला और भठ्ठी थाना क्षेत्र की सीमा पर यह घटना हुई है. उनके मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर एक मालवाहक वाहन खड़ा था, जिसमें पेट्रोल-डीजल कैरी किया जाता है. सिग्नल नहीं मिलने के कारण यह वहां खड़ा था. इसी दौरान तीन युवक शराब पीकर रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे थे.
CSP के मुताबिक, इन्हीं तीन युवकों में से गणेश गुप्ता शराब के नशे में अचानक बोगी के ऊपर चढ़ गया. बोगी के ऊपर हाईटेंशन वायर के संपर्क में आने से उसे करंट लगा और वह झुलसकर नीचे गिर गया. पुलिस को घायल युवक की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और उसे तत्काल सुपेला अस्पताल भेजा गया.
सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि गणेश करीब 60 प्रतिशत जल गया है. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रायपुर भेज दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गार्ड ने रोकने की कोशिश की, दोस्त छोड़कर भागे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त गणेश गुप्ता अपने दो साथियों के साथ रेलवे ट्रैक के पास शराब पी रहा था. इसके बाद वह अचानक BTPN वैगन पर चढ़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन के गार्ड ने युवक को आवाज देकर रोकने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक वह OHE लाइन की चपेट में आ चुका था.
करंट लगते ही युवक वैगन से नीचे गिर गया. हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई. घायल गणेश खुद को अस्पताल ले जाने की बात कहता रहा. इसी दौरान उसके दोनों साथी उसे मौके पर छोड़कर वहां से चले गए.
फिलहाल, गणेश गुप्ता का रायपुर के शासकीय अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस और रेलवे की ओर से घटना की जांच की जा रही है. हादसे में युवक के करीब 60 प्रतिशत झुलसने की बात सामने आई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में वैगन के ऊपर चढ़ा और उसके साथ मौजूद दोनों युवक हादसे के बाद उसे छोड़कर क्यों चले गए.