उत्तर प्रदेश के बांदा में थार गाड़ी का कहर देखने को मिला है, थार गाड़ी ने डीएम के अर्दली को उड़ा दिया. दरअसल अर्दली ड्यूटी करके घर पहुंचा, घर से सामान लेने बाइक पर बाजार जा रहा था, उसी दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित थार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें DM का अर्दली बुरी तरह घायल हो गया. राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया.
पीड़ित ज़िंदगी और मौत के बीच जंग जूझ रहा है. बताया जा रहा कि हादसा इतना भयावक था बाइक के परखच्चे उड़ गए, अर्दली के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट आई है. फिलहाल पुलिस ने थार को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है. जहां डीएम कॉलोनी में रहने वाले सुरेंद्र कुमार कलेक्टर के अर्दली का काम करते हैं, जानकारी के मुताबिक सुरेंद्र ड्यूटी करने के बाद घर पहुंचे और घरेलू काम से बाजार जा रहे थे, उसी दौरान एक तेज रफ्तार थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिसमे वे बुरी तरह घायल हो गए. आसपास के लोगो ने पुलिस और डीएम ऑफिस को सूचना दी. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सुरेंद्र को कानपुर रेफर कर दिया गया.
सुरेंद्र की हालत बेहद नाजुक है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डीएम कॉलोनी जो VIP कॉलोनी है, यहां लग्जरी गाड़ियों का आतंक है. तेज रफ्तार से गाड़ियां निकलती हैं, लोग स्टंटबाजी करते हैं. कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई ध्यान नही दिया गया. इस कॉलोनी में कोचिंग भी हैं, जहां तमाम बच्चियां पढ़ने आती हैं और नवयुवक यहां उत्पाद मचाते हैं.
एसपी के मीडिया सेल ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर कोतवाली के सिविल लाइन डीएम कॉलोनी क्षेत्र में एक थार गाड़ी ने एक बाइक सवार को टक्कर मारी है, जिसमे बाइक सवार जो डीएम के अर्दली थे, गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है. तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.