उत्तर प्रदेश के बांदा में शादी की तैयारियों के बीच गैस सिलेंडर की किल्लत एक परिवार के लिए बड़ी परेशानी बन गई. 7 मई को होने वाली शादी से पहले बनने वाली दुल्हन अपने पिता के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच गई और डीएम से सिलेंडर दिलाने की गुहार लगाई. मामला सामने आते ही डीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
युवती ने डीएम से कहा कि शादी में कुछ ही दिन बचे हैं और घर में मेहमान आने शुरू हो गए हैं, लेकिन गैस सिलेंडर न मिलने से खाना बनाने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है. इस पर डीएम ने तुरंत जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) को फोन कर कड़ी फटकार लगाई और सिलेंडर उपलब्ध कराने का आदेश दिया.
यह भी पढ़ें: यूपी: बांदा में गर्मी ने तोड़ा 75 साल का रिकॉर्ड, तापमान 47 डिग्री पार, लखनऊ में बने कूलिंग पॉइंट्स
डीएम के निर्देश के बाद दुल्हन और उसके पिता के चेहरे पर राहत और मुस्कान दिखाई दी. युवती ने बताया कि बिना सिलेंडर के मेहमानों और रिश्तेदारों की खातिरदारी करना संभव नहीं हो पा रहा था, इसलिए मजबूर होकर उन्हें कलेक्ट्रेट आना पड़ा.
सिलेंडर न मिलने से शादी की खुशियों पर संकट
मामला बांदा के झील के पुरवा निवासी रामसहाय का है, जिनकी बेटी नीलम की शादी 7 मई को तय है. शादी के कार्ड छप चुके हैं और परिवार तैयारियों में जुटा हुआ था, लेकिन गैस सिलेंडर न मिलने से खुशी में बाधा आने लगी.
रामसहाय के मुताबिक जब वे गैस एजेंसी पहुंचे तो उन्हें सिलेंडर देने से मना कर दिया गया. इसके बाद वे शादी का कार्ड और बेटी को लेकर सीधे डीएम कार्यालय पहुंच गए और मदद की गुहार लगाई.
नीलम ने डीएम को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि एजेंसी संचालक कह रहा है कि 'डीएम से आदेश कराओ, तब सिलेंडर मिलेगा.' इसी वजह से परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
पूर्ति विभाग को दिए गए तत्काल निर्देश
डीएम अमित आसेरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को फटकार लगाई और तत्काल सिलेंडर दिलाने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जिला पूर्ति अधिकारी कयामुद्दीन ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही संबंधित आपूर्ति निरीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत एक्शन लिया जाता है और पीड़ित परिवार को जल्द ही सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाएंगे. अब परिवार को सिलेंडर मिलने का इंतजार है.