scorecardresearch
 

पेड़ कटे, बिजली गुल और थम गया ट्रैफिक... 308 पहियों वाले ट्रक के लिए रास्ता किया जा रहा क्लियर! रेंगता हुआ बढ़ रहा आगे

बस्ती जिले में 308 पहियों वाला विशालकाय 'बाहुबली ट्रक' पहुंच चुका है, जिसे देखने के लिए सड़कों के किनारे लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. बेल्जियम से ओडिशा के रास्ते आया यह 200 टन का हाइड्रॉलिक ट्रेलर बलरामपुर चीनी मिल के लिए बायोपॉलीमर मशीन ले जा रहा है.

Advertisement
X
बस्ती जिले में पहुंचा 'बाहुबली' ट्रक (Photo- ITG)
बस्ती जिले में पहुंचा 'बाहुबली' ट्रक (Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले की सड़कों पर बेल्जियम से समुद्री और सड़क मार्ग के जरिए ओडिशा, झारखंड और बिहार होते हुए आया 308 पहियों वाला विशालकाय 'बाहुबली ट्रक' पहुंच गया है. बलरामपुर चीनी मिल में एथेनॉल और बायोपॉलीमर के निर्माण के लिए 200 टन वजनी और 20 फीट ऊंची वैक्यूम वेसल मशीन ले जा रहे इस हाइड्रॉलिक मल्टी-एक्सल ट्रेलर को सुरक्षित निकालने के लिए क्रू मेंबर्स, क्रेन, जेसीबी और 14 गाड़ियों के काफिले के साथ बिजली के तार हटाकर व पेड़ों की छंटाई करके रास्ता तैयार किया जा रहा है. इसे देखने के लिए सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा है.

200 टन वजनी मशीन और 308 पहिये

इस विशालकाय हाइड्रॉलिक ट्रेलर को करीब 20 विशेष ट्रॉलियों को जोड़कर तैयार किया गया है, जिसमें 308 पहिये लगे हैं. इस पर लदी लगभग 100 फीट लंबी और 20 फीट से ज्यादा ऊंची वैक्यूम वेसल मशीन का वजन 200 टन है. इसे एशिया के पहले बायोपॉलीमर और एथेनॉल निर्माण के लिए बलरामपुर चीनी मिल ले जाया जा रहा है.

चींटी जैसी धीमी रफ्तार और बड़ा काफिला

अत्यधिक वजन के कारण ट्रक रोजाना सिर्फ 10 से 20 किलोमीटर की दूरी तय कर पाता है और रात में इसे रोक दिया जाता है. इस ट्रक में 400 लीटर क्षमता का डीजल टैंक है. इसके साथ 14 गाड़ियों का काफिला चल रहा है, जिसमें क्रेन, हाइड्रा, जेसीबी और सिविल व टेक्निकल एक्सपर्ट्स की टीम शामिल है.

रास्ते में प्रशासन और टीम की मशक्कत

Advertisement

ट्रक को संकरे रास्तों से निकालने के लिए इसके पहियों को अलग-अलग दिशाओं में मोड़ा जा सकता है. रास्ते में आने वाले हाई-टेंशन बिजली तारों को हटाने, पेड़ों की छंटाई करने और कई जगहों पर पुल या फुट-ओवर ब्रिज के हिस्सों को अस्थायी रूप से हटाने या उठाने का काम किया जा रहा है.

देखने के लिए उमड़ रही भीड़ और रील्स

बस्ती में इस बाहुबली ट्रक को देखने के लिए लोगों का तांता लग गया है. हाईवे के किनारे खड़े होकर लोग इसे मोबाइल कैमरों में कैद कर रहे हैं, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर रील्स बना रहे हैं और दूर-दूर से लोग इसकी एक झलक पाने के लिए पहुंच रहे हैं.

---- समाप्त ----
- बस्ती से संदीप वर्मा की रिपोर्ट
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement