उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश फरमान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के अनुसार, फरमान पर गोकशी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.
अलीगढ़ के एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि शनिवार को सिटी एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि सितंबर 2025 से गोकशी के एक मामले में वांछित फरमान अपने साथियों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार कर रही थी छापेमारी
पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख फरमान ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें फरमान घायल हो गया. हालांकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है.
मौके से पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, अवैध .315 बोर की पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस का कहना है कि फरमान के खिलाफ गोकशी सहित कई अन्य गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं. फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.