scorecardresearch
 

आगरा में स्मार्ट मीटर के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, बिजली घर में उखाड़कर फेंके मीटर

आगरा के अकोला में स्मार्ट मीटर के विरोध में ग्रामीणों ने बिजली घर पर प्रदर्शन किया और मीटर उखाड़कर फेंक दिए. ग्रामीणों का आरोप है कि मीटर तेजी से रीडिंग दिखाकर बिल बढ़ा रहे हैं. मौके पर पुलिस तैनात की गई और प्रशासन ने समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया.

Advertisement
X
स्मार्ट मीटर के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन (Photo: Screengrab)
स्मार्ट मीटर के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन (Photo: Screengrab)

आगरा के कागारौल क्षेत्र के अकोला में स्मार्ट मीटर को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में अकोला स्थित बिजली घर पहुंच गए और वहां जमकर प्रदर्शन किया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने परिसर में लगे स्मार्ट मीटरों को उखाड़कर फेंक दिया, जिससे वहां मीटरों का ढेर लग गया.

ग्रामीणों का कहना है कि स्मार्ट मीटर साधारण बिजली मीटर की तुलना में ज्यादा तेजी से रीडिंग दिखा रहे हैं. उनका आरोप है कि इससे उनके बिजली बिल लगातार बढ़ रहे हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. इतना ही नहीं, लोगों ने यह भी दावा किया कि बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद भी मीटर की रीडिंग बढ़ती रहती है, जो उनके लिए चिंता का विषय है.

बिजली घर पहुंचकर ग्रामीणों ने किया हंगामा 

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया. हालात को देखते हुए कागारौल, मलपुरा और सैंया थाना क्षेत्रों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की.

इसी बीच भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रुप के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों के समर्थन में प्रदर्शन करने लगे. इससे वहां माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया. बिजली घर परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

Advertisement

स्मार्ट मीटर को लेकर गांव वालों में नाराजगी

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया. काफी देर की मशक्कत के बाद हालात को काबू में किया गया और ग्रामीणों को शांत कराया गया. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है. यह मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और लोग स्मार्ट मीटर को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement