scorecardresearch
 

सामने मौत, चारों ओर बढ़ता पानी, टापू पर फंसी 11 जिंदगियां, VIDEO VIRAL

सोनभद्र के ओबरा क्षेत्र स्थित रेणुका घाट पर रेणु नदी के बीच बने टापू पर 11 पर्यटक फंस गए. बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और टापू चारों ओर से पानी से घिर गया. वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

Advertisement
X
बीच नदी में फंस गए 11 पर्यटक. (Photo: Screengrab)
बीच नदी में फंस गए 11 पर्यटक. (Photo: Screengrab)

सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र स्थित रेणुका घाट पर सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब रेणु नदी के बीच बने एक टापू पर 11 पर्यटक फंस गए. नदी में अचानक बढ़े जलस्तर के कारण सभी पर्यटकों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. जानकारी के अनुसार सोमवार शाम 11 पर्यटक रेणुका घाट घूमने पहुंचे थे. घूमने के दौरान सभी लोग रेणु नदी के बीच बने टापू पर पहुंच गए. इसी बीच बांध से पानी छोड़ा गया, जिससे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा. कुछ ही समय में नदी का पानी बढ़कर टापू के चारों ओर फैल गया और सभी पर्यटक वहां फंस गए.

नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पर्यटकों के लिए सुरक्षित रूप से वापस लौटना संभव नहीं रहा. देखते ही देखते स्थिति गंभीर हो गई और टापू पर मौजूद लोगों में चिंता बढ़ने लगी. इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन को मामले की जानकारी मिली. घटना की सूचना मिलते ही ओबरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने हालात का जायजा लिया और तुरंत बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी की. हालांकि अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव अभियान चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन ने पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी रखे.

रेणु नदी के बीच बने टापू पर फंस गए थे 11 पर्यटक

बताया गया कि पुलिस ने डैम प्रबंधन से समन्वय स्थापित किया और कुछ समय के लिए पानी छोड़े जाने की प्रक्रिया को रुकवाया गया. इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया. कई घंटे की मेहनत और मशक्कत के बाद सभी 11 पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. सभी पर्यटक सुरक्षित हैं. हालांकि इस घटना ने रेणुका घाट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement

स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने घाट पर बेहतर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग उठाई है. लोगों का कहना है कि घाट पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए. साथ ही संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. फिलहाल सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया है, लेकिन रेणुका घाट पर हुई यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो भी तेजी से देखा और साझा किया जा रहा है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement