क्या गर्भ में पल रहा बच्चा अपने माता-पिता की आवाज पहचान सकता है? कनाडा से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत लिया है. एक रूटीन अल्ट्रासाउंड के दौरान ऐसा भावुक पल कैमरे में कैद हुआ, जिसे देखकर होने वाले माता-पिता, अस्पताल का स्टाफ और बाद में वीडियो देखने वाले लोग भी भावुक हो गए.
कनाडा की रहने वाली लिया ओलिवेरा अपनी प्रेग्नेंसी के नियमित अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल पहुंची थीं. जांच के दौरान उनके पति एंड्रयू ओलिवेरा ने प्यार से बेबी बंप को चूमा और अपनी अजन्मी बेटी से कहा कि गुड मॉर्निंग. हैप्पी सैटरडे. क्या तुम्हें भूख लगी है?"
कुछ ही सेकंड बाद अल्ट्रासाउंड स्क्रीन पर बच्ची के चेहरे पर मुस्कान जैसा एक्सप्रेशन दिखाई दिया. यह नजारा देखकर कमरे में मौजूद परिवार के लोग और मेडिकल स्टाफ खुशी से झूम उठे. सभी ने एंड्रयू से अपनी बेटी से बात करते रहने के लिए कहा. इस पूरे पल को लिया की बहन ने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
देखें फॉक्स न्यूज का ये वीडियो
स्टोरीफुल से बातचीत में लिया ओलिवेरा ने बताया कि जैसे ही उन्होंने स्क्रीन पर अपनी बेटी की प्रतिक्रिया देखी, उनकी आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े. उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह भावुक हो गई थी और खुशी के आंसू रोक नहीं पाई. लिया ने इस पल को अपनी जिंदगी की 'कोर मेमोरी' बताया. उन्होंने कहा कि अपनी अजन्मी बेटी को पिता की आवाज पर इस तरह प्रतिक्रिया देते देखना उनके परिवार के लिए हमेशा याद रहने वाला अनुभव बन गया.
लिया ने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि उनका यह वीडियो दुनिया भर के लाखों लोगों तक पहुंचा और लोगों के चेहरों पर मुस्कान लेकर आया. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह वीडियो देखने वालों के दिन में ;थोड़ी-सी धूप और खुशी' जरूर लेकर आया होगा.
क्या गर्भ में बच्चा आवाज पहचान सकता है?
विशेषज्ञों के मुताबिक, गर्भ में पल रहा शिशु लगभग 18 से 25वें सप्ताह के बीच आवाजें सुनना शुरू कर देता है. 25 से 28वें सप्ताह तक वह बाहरी आवाजों, खासकर मां की आवाज, पर अधिक स्पष्ट प्रतिक्रिया देने लगता है. कुछ शोधों में यह भी पाया गया है कि भ्रूण पिता की आवाज पर भी हार्ट रेट या शरीर की हलचल में बदलाव दिखा सकता है, हालांकि मां की आवाज उससे अधिक परिचित होती है.
क्या गर्भ में बच्चा मुस्कराता है
डॉक्टरों का कहना है कि अल्ट्रासाउंड के दौरान गर्भ में पल रहे बच्चे के मुस्कुराने, जम्हाई लेने, मुंह बनाने या भौंहें सिकोड़ने जैसे चेहरे की एक्सप्रेशन दिखाई देना सामान्य बात है. इसलिए इस वीडियो में दिख रही मुस्कान जैसी अभिव्यक्ति को सीधे तौर पर यह नहीं कहा जा सकता कि बच्ची ने सचेत रूप से पिता की बात का जवाब दिया. हालांकि, इसे माता-पिता और अजन्मे बच्चे के बीच एक बेहद भावुक और खास पल के रूप में जरूर देखा जा सकता है.
विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि गर्भावस्था के दौरान माता-पिता का बच्चे से नियमित रूप से बात करना, गाना सुनाना या कहानियां पढ़ना भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत कर सकता है. कई अध्ययनों के अनुसार, जन्म के बाद नवजात शिशु गर्भ में बार-बार सुनी गई परिचित आवाजों को जल्दी पहचानने लगता है. यही वजह है कि डॉक्टर भी होने वाले माता-पिता को गर्भावस्था के दौरान बच्चे से संवाद बनाए रखने की सलाह देते हैं.