scorecardresearch
 

बेटी को घर गिफ्ट करना मां को पड़ा भारी, अपना ही घर छोड़ने को हुई मजबूर, बेटों ने भी नहीं की मदद

संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में एक मां ने अपनी अविवाहित बेटी का भविष्य सुरक्षित करने के लिए उसे अपना पूरा घर गिफ्ट कर दिया. लेकिन घर का मालिकाना हक मिलने के बाद बेटी ने मां को ही घर से बाहर निकाल दिया.

Advertisement
X
मां ने अपने बेटों से मदद मांगी, लेकिन उन्होंने भी उसका साथ नहीं दिया. ( Photo: ITG)
मां ने अपने बेटों से मदद मांगी, लेकिन उन्होंने भी उसका साथ नहीं दिया. ( Photo: ITG)

शारजाह में एक मां ने अपनी अविवाहित बेटी का भविष्य सुरक्षित करने के लिए उसे अपना पूरा घर गिफ्ट कर दिया. मां चाहती थी कि बेटी के पास हमेशा रहने के लिए अपना घर हो और उसे भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. लेकिन मां ने जिस भरोसे के साथ यह फैसला लिया, उसका अंत बेहद दुखद हुआ. घर बेटी के नाम होते ही उसने अपनी मां को उसी घर से बाहर निकाल दिया. गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह का है.

महिला के कई बेटे थे, जिनकी शादी हो चुकी थी और वे अपने परिवारों के साथ अलग रह रहे थे. वहीं, उसकी एक छोटी बेटी अविवाहित थी. मां को अपनी इस बेटी से खास लगाव था. वह चाहती थी कि बेटी का भविष्य सुरक्षित रहे और उसके पास रहने के लिए हमेशा अपना घर मौजूद हो. इसी सोच के साथ उसने घर का पूरा कानूनी मालिकाना हक बेटी के नाम कर दिया

घर मिलते ही बेटी ने मां को निकाला बाहर
मां ने जिस घर को बेटी की सुरक्षा और भविष्य के लिए उसके नाम किया था, वही घर उसके लिए परेशानी की वजह बन गया. घर का मालिकाना हक मिलने के बाद बेटी ने अपनी मां को वहां से बाहर निकाल दिया. जिस महिला ने बेटी को सुरक्षित भविष्य देने के लिए अपनी सबसे बड़ी संपत्ति उसके नाम कर दी थी, वह खुद बेघर हो गई. इसके बाद मां ने अपने बेटों से मदद मांगी. उसे उम्मीद थी कि बेटे बहन से बात करेंगे और उसे दोबारा घर में रहने में मदद करेंगे. लेकिन बेटों ने भी मां का साथ नहीं दिया. उन्होंने कहा कि घर अपनी मर्जी से बेटी के नाम करने का फैसला मां ने खुद लिया था, इसलिए अब उसे इसके नतीजे भुगतने होंगे.

Advertisement

घर किसी के नाम करने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
इस मामले के सामने आने के बाद संपत्ति को बच्चों के नाम करने से जुड़े कानूनी सवाल भी अहम हो गए हैं. कानूनी सलाहकार ने बताया कि माता-पिता को अपनी संपत्ति बच्चों के नाम करने से पहले इसके कानूनी नतीजों को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए. अगर माता-पिता घर किसी बच्चे के नाम कर रहे हैं, लेकिन खुद भी जीवनभर उसी घर में रहना चाहते हैं, तो उन्हें अपने रहने के अधिकार की कानूनी सुरक्षा पहले से सुनिश्चित करनी चाहिए. इसके लिए संपत्ति ट्रांसफर करने से पहले वकील की सलाह लेना जरूरी है.

जरूरत के मुताबिक, कानूनी दस्तावेजों में यह स्पष्ट किया जा सकता है कि माता-पिता को उस घर में रहने का अधिकार बना रहेगा और संपत्ति ट्रांसफर करने की क्या शर्तें होंगी. हालांकि, ऐसी शर्तें लागू कानून के मुताबिक सही और कानूनी रूप से मान्य होनी चाहिए.

इस घटना से क्या सीख मिलती है?
माता-पिता अक्सर प्यार और बच्चों के भविष्य की चिंता में अपनी जीवन भर की कमाई और संपत्ति उनके नाम कर देते हैं. लेकिन ऐसा फैसला लेते समय उन्हें अपनी जरूरतों और बुढ़ापे की सुरक्षा को भी ध्यान में रखना चाहिए. यह मामला बताता है कि सिर्फ पारिवारिक रिश्तों और भरोसे के आधार पर इतना बड़ा फैसला लेना जोखिम भरा हो सकता है. घर या दूसरी बड़ी संपत्ति किसी के नाम करने से पहले यह समझना जरूरी है कि इसके बाद कानूनी अधिकार किसके पास होंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement