ट्रेन का खाना हो या फिर ट्रेन का टॉयलेट... हाइजीन का विवाद अक्सर खड़ा होता है. सोशल मीडिया पर भी भारतीय ट्रेनों में गंदगी के वीडियो काफी वायरल होते हैं और टॉयलेट को लेकर लोगों को काफी शिकायत रहती है. इसी बीच, भारत की एक ट्रेन का वीडियो वायरल हो रहा है, जो वाकई हैरान कर देने वाला है. ये वीडियो ट्रेन के एक वॉशरूम का है, जो किसी फाइव स्टार होटल के वॉशरूम जैसा नजर आ रहा है. इस वॉशरूम में बाथटब से लेकर तौलिए आदि नजर आ रहे हैं और वॉशरूम का इंटीरियर भी काफी खुबसूरत है.
ये वॉशरूम ट्रेन के दूसरे टॉयलेट्स की छवि से एकदम अलग है. इस वॉशरूम में ट्रेन की खिड़की के पास बाथटब लगा है, जो महंगे होटल का फील दे रहा है. इसके अलावा वॉशरूम काफी स्पेशियस है, जिसकी टॉयलेट सीट भी लग्जरी होटल के वॉशरूम जैसी है. साथ ही वॉशरूम में तौलिए लटके हुए हैं और खास कारपेट बिछा हुआ है, जो इसे काफी अच्छा लुक दे रहा है. वायरल वीडियो में लोग वॉशरूम की काफी तारीफ कर रहे हैं.
लेकिन, सवाल है कि आखिर ऐसा वॉशरूम भारत की किस ट्रेन का है. दरअसल, ये किसी आम ट्रेन का वॉशरूम नहीं बल्कि पैलेस ऑन व्हील्स का बाशरूम है. इस वीडियो को पैलेस ऑन व्हील्स के डायरेक्टर ऑफ सेल्स ने शेयर किया है.
उन्होंने इस वॉशरूम के अलावा पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन के अंदर के कई और वीडियो भी शेयर किए हैं, जिसमें दिख रहा है कि ये ट्रेन अंदर से कितनी लग्जरी है. बता दें कि पैलेस ऑन व्हील्स दुनिया की टॉप लग्जरी ट्रेनों में से एक है, जिसके जरिए राजस्थान के कई शहरों में टूरिस्ट को घुमाया जाता है.
पैलेस ऑन व्हील्स का कितना किराया?
पैलेस ऑन व्हील्स को चलता फिरता शाही महल कहा जाता है. यह ट्रेन आपको राजस्थान और आसपास के ऐतिहासिक शहरों की यात्रा बेहद शाही अंदाज में कराती है. इससे एक 7 रात/8 दिन का लक्ज़री ट्रेन टूर होता है. ये दिल्ली, जयपुर, सवाई माधोपुर (रणथंभौर), चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, भरतपुर, आगरा से होकर गुजरती है. हर कोच का नाम राजस्थान के पुराने राजघरानों पर रखा गया है. इसका किराया 5 लाख से 22 लाख रुपये तक है.