scorecardresearch
 

10 रुपये के सिक्कों से खरीदी 1.10 लाख की बाइक, गिनती करते रह गए शोरूम कर्मचारी

आमतौर पर लोग बाइक खरीदने के लिए ऑनलाइन पेमेंट या नोटों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन तेलंगाना के एक शख्स ने 10 रुपये के सिक्कों में 1.10 लाख रुपये चुकाकर सबको चौंका दिया.

Advertisement
X
 कर्मचारियों को एक-एक सिक्का गिनना पड़ा (Photo: PTI)
कर्मचारियों को एक-एक सिक्का गिनना पड़ा (Photo: PTI)

क्या आपने कभी किसी को लाखों रुपये की बाइक सिर्फ सिक्कों से खरीदते देखा है? तेलंगाना से एक ऐसी ही अनोखी खबर सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है.

एक शख्स नई बाइक खरीदने शोरूम पहुंचा, लेकिन उसके पास नोटों की गड्डियां या ऑनलाइन पेमेंट का विकल्प नहीं था. उसने बाइक की पूरी कीमत 10 रुपये के सिक्कों में अदा कर दी. शोरूम में जैसे ही सिक्कों से भरे बैग रखे गए, वहां मौजूद लोग हैरान रह गए.

यह मामला तेलंगाना के यादाद्री-भुवनगिरि जिले का है. वेलिमिनेडु गांव के रहने वाले कोंडे रघुपति ने चिट्याला स्थित श्री विनायक मोटर्स से नई हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक खरीदी. बाइक की कीमत करीब 1.10 लाख रुपये थी और उन्होंने पूरी रकम 10 रुपये के सिक्कों में चुकाई.

नोट नहीं, सिर्फ सिक्के!

रघुपति जब सिक्कों से भरे बैग लेकर शोरूम पहुंचे, तो कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती उन सिक्कों की गिनती करना बन गई. स्टाफ ने एक-एक सिक्का गिनकर भुगतान की पुष्टि की. इस दौरान शोरूम में मौजूद कई लोगों ने इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया.

Advertisement

देखें वीडियो

1.10 लाख... सिर्फ सिक्कों में!

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शोरूम का फर्श और काउंटर 10 रुपये के सिक्कों से भरा हुआ है. कर्मचारी लंबे समय तक सिक्के गिनते नजर आते हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग हैरानी के साथ पूरी प्रक्रिया देखते रहते हैं.

रघुपति ने इतने सारे सिक्के कैसे जमा किए, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का मानना है कि उन्होंने लंबे समय तक छोटी-छोटी बचत करके ये सिक्के इकट्ठा किए होंगे. इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी दिलचस्प हैं. कुछ यूजर्स इसे धैर्य और बचत की मिसाल बता रहे हैं, तो कुछ मजाकिया अंदाज में लिख रहे हैं कि बाइक बेचना शायद आसान था, लेकिन इतने सिक्के गिनना सबसे मुश्किल काम रहा होगा.

भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार 10 रुपये का सिक्का पूरी तरह वैध मुद्रा है और भुगतान के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. ऐसे में यह लेनदेन पूरी तरह कानूनी था. हालांकि इतनी बड़ी रकम सिर्फ सिक्कों में चुकाना बेहद दुर्लभ है, यही वजह है कि यह अनोखी खरीदारी अब पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement