scorecardresearch
 

पत्नी नहीं, मां को खिलाया शादी का पहला केक, VIDEO पर छिड़ गई बहस

सोशल मीडिया पर कब कौन-सा वीडियो वायरल हो जाए और किस बात पर बहस छिड़ जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. कई बार कुछ सेकंड की एक छोटी-सी क्लिप भी लोगों को दो धड़ों में बांट देती है. इन दिनों ऐसा ही एक शादी का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने रिश्तों, प्राथमिकताओं और पारिवारिक परंपराओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

Advertisement
X
वीडियो में दुल्हन को पहले केक खिलाते हुए नहीं दिखाया गया (Photo:X/@amshilparaghu)
वीडियो में दुल्हन को पहले केक खिलाते हुए नहीं दिखाया गया (Photo:X/@amshilparaghu)

शादी का दिन दूल्हा-दुल्हन की जिंदगी के सबसे खास दिनों में से एक माना जाता है. इसी दिन से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वजह है दूल्हे का एक ऐसा फैसला, जिसने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है.

वायरल वीडियो में केक काटने की रस्म के बाद दूल्हा सबसे पहले अपनी दुल्हन के पास नहीं जाता. वह अपनी मां को केक का पहला टुकड़ा खिलाता है. इसके बाद वह परिवार के दूसरे सदस्यों को भी केक खिलाता नजर आता है. वीडियो में दुल्हन को पहले केक खिलाते हुए नहीं दिखाया गया. इसी वजह से सोशल मीडिया पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई.

वीडियो के साथ शेयर किए गए कैप्शन में लिखा गया, "माफ कीजिए, लेकिन पहला केक दुल्हन को मिलना चाहिए था. शादी के दिन आपका जीवनसाथी सबसे पहले आता है." इसी कैप्शन के बाद बहस और तेज हो गई.

किसने क्या कहा?

आर्या सी. जे. ने लिखा कि वह अपना घर-परिवार छोड़कर आपके साथ नई जिंदगी शुरू करने आई है. ऐसा कुछ मत कीजिए कि उसे अपने फैसले पर पछतावा हो. शादी के दिन आपकी पत्नी को प्राथमिकता मिलनी चाहिए."

Advertisement

रसुल ने टिप्पणी की कि शादी पति-पत्नी का रिश्ता है. यह माता-पिता या भाई-बहनों के प्रति प्यार दिखाने का मौका नहीं, बल्कि नए रिश्ते की शुरुआत का दिन है."

दीपस्टेट ने लिखा कि माता-पिता से प्यार करना अच्छी बात है, लेकिन शादी के दिन पत्नी को यह एहसास नहीं होना चाहिए कि वह परिवार में दूसरे नंबर पर है."

अवंतिका का कहना था कि ऐसा लगा जैसे दूल्हा पहले ही दिन अपनी पत्नी को बता रहा हो कि परिवार में उसकी जगह क्या है.

सिया श्रीवास्तव  ने लिखा कि शादी करके किसी लड़की को घर लाओ और अगले ही दिन उसे साइड कैरेक्टर जैसा महसूस कराओ. कमाल है.

वहीं कई यूजर्स दूल्हे के समर्थन में भी नजर आए.

अभिषेक सिंह ने लिखा कि हो सकता है उसने सोचा हो कि आज का दिन माता-पिता की वजह से ही संभव हुआ है. इसमें गलत क्या है?"

रोहित ने कहा कि माता-पिता हमेशा पहले रहेंगे. हमारा अस्तित्व उन्हीं की वजह से है. पत्नी महत्वपूर्ण है, लेकिन माता-पिता की जगह नहीं ले सकती."

अंकित मिश्रा ने लिखा कि हमारी संस्कृति में माता-पिता का सम्मान सबसे पहले आता है. पत्नी का सम्मान भी जरूरी है, लेकिन इससे माता-पिता का महत्व कम नहीं होता."

सीएमए राम ने इसे दुविधा बताते हुए लिखा कि अगर पत्नी को पहले खिलाते तो परिवार दुखी होता और अगर मां को खिलाते तो पत्नी को बुरा लग सकता था. यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसे किस नजरिए से देखते हैं."

Advertisement

रवि ने सवाल उठाया कि किसे पहला टुकड़ा खिलाना है, यह पूरी तरह दूल्हे की निजी पसंद है. इसका फैसला सोशल मीडिया क्यों करे?

कुछ लोगों ने पूरी कहानी जाने बिना फैसला न सुनाने की सलाह दी

किम ताएही ने दावा किया कि वीडियो में दुल्हन खुद इशारे से दूल्हे को पहले मां को केक खिलाने के लिए कहती दिखाई देती है. उन्होंने लिखा कि पूरी कहानी जाने बिना किसी को गलत ठहराना ठीक नहीं है.

त्रिलोक सिंह ने भी कहा कि संभव है दुल्हन ने सम्मान के तौर पर पहले अपनी सास को केक खिलाने के लिए कहा हो.

तन्वी देशपांडे  ने एक अलग संभावना जताई. उन्होंने लिखा कि कई हिंदू शादियों में दूल्हा-दुल्हन व्रत रखते हैं, इसलिए हो सकता है कि उस समय उन्होंने केक न खाया हो. ऐसे में बिना पूरी जानकारी के विवाद खड़ा करना सही नहीं है.

फिलहाल, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब और कहां रिकॉर्ड किया गया था. यही वजह है कि कई लोग पूरी सच्चाई सामने आने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की सलाह दे रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement