
जब कोई हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर सिनेमाघरों से निकलकर सीधे ऑफिस के क्यूबिकल्स तक पहुंच जाए, तो समझ लीजिए कि उसका असर कुछ अलग ही है. फिल्म धुरंधर: द रिवेंज के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है. सोशल मीडिया पर जहां फिल्म को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं, वहीं अब यह फिल्म कॉर्पोरेट दुनिया में भी चर्चा का विषय बन गई है.
दरअसल, लिंक्डइन यूजर इशु शर्मा की एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें फिल्म के किरदारों को ऑफिस लाइफ से जोड़कर बेहद दिलचस्प तरीके से समझाया गया है. इस पोस्ट ने फैन थ्योरी और बॉक्स ऑफिस चर्चा से हटकर एक नया एंगल पेश किया है, जो कामकाजी लोगों को खासा पसंद आ रहा है.
पोस्ट में '5 कॉर्पोरेट लेसन्स' के जरिए फिल्म के किरदारों को ऑफिस के अलग-अलग रोल्स से जोड़ा गया है. इसमें सबसे पहले भरोसे को लेकर चेतावनी दी गई है, जहां कहा गया कि आंख मूंदकर किसी पर भरोसा करना हमेशा सही नहीं होता, जैसा कि फिल्म में उजैर बलोच ने हमजा पर किया.
वहीं, जमी़ल जमाली के किरदार को ऑफिस के उस इंसान से जोड़ा गया है, जो हर जगह जानकारी पहुंचाने वाला होता है-यानी एक तरह का 'इन्फॉर्मर'. इसके अलावा मेजर इकबाल को उन लोगों का प्रतीक बताया गया है, जिनके पास ऑफिस में अधिकार तो होता है, लेकिन जरूरी नहीं कि उन्हें हर जगह उतनी ही इज्जत मिले.

पोस्ट में अजय सान्याल जैसे किरदार को एक आदर्श मेंटर के रूप में दिखाया गया है, जो न सिर्फ टैलेंट पहचानता है बल्कि उसे आगे बढ़ाने में भी मदद करता है. वहीं, आलम और यालीना जैसे किरदारों को 'कॉर्पोरेट बेस्ट फ्रेंड्स' का दर्जा दिया गया है, जो हर मुश्किल में साथ खड़े रहते हैं.
इस पोस्ट को लोगों ने काफी पसंद किया है. कई यूजर्स ने इसे मजेदार और रिलेटेबल बताया और कहा कि उन्होंने खुद को इन किरदारों में कहीं न कहीं जरूर पाया. यह एक बार फिर साबित करता है कि पॉप कल्चर अक्सर हमारी असल जिंदगी की झलक दिखा देता है.
आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. लेकिन अब इसका असर सिर्फ सिनेमाघरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऑफिस की बातचीत का भी हिस्सा बन चुकी है.