मां-बेटे के रिश्ते से जुड़ा एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है. जिस मां ने बचपन में बेटे को उंगली पकड़कर चलना सिखाया, उसी मां को सालों बाद बेटा पहली बार अपनी ही फ्लाइट में यात्री बनाकर आसमान की सैर कराने ले गया. इस खास पल का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दिल्ली में तैनात एयर इंडिया के पायलट तनिष अरोड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया है. वीडियो की शुरुआत में वह पायलट की यूनिफॉर्म पहनते हुए बताते हैं कि यह उड़ान उनके पूरे करियर की सबसे खास उड़ानों में से एक है. इसकी वजह यह थी कि पहली बार उनकी मां उसी विमान में सफर करने वाली थीं, जिसे वह खुद उड़ाने जा रहे थे.
यह भी पढ़ें: फ्लाइट में चढ़ते ही दिखी एयर होस्टेस बेटी, मां का पहला सवाल- 'झूठ क्यों बोली?
वीडियो में तनिष अपनी मां के साथ कैब से एयरपोर्ट जाते दिखाई देते हैं. रास्ते में वह अपनी मां से पूछते हैं कि वह कैसा महसूस कर रही हैं. इस पर उनकी मां मुस्कुराते हुए कहती हैं कि वह इस पल को लेकर बहुत उत्साहित हैं.
देखें वीडियो
एयरपोर्ट पहुंचने के बाद मां-बेटा साथ में टर्मिनल से गुजरते हैं और बोर्डिंग गेट तक पहुंचते हैं. फ्लाइट की तैयारी के लिए जाने से पहले तनिष अपनी मां से पूछते हैं कि क्या वह उड़ान से पहले कुछ कहना चाहेंगी. इस पर मां का जवाब था, "अच्छे से और सुरक्षित उड़ाना." मां की यह बात सुनकर तनिष भी भावुक हो जाते हैं.
फ्लाइट पूरी होने के बाद तनिष ने इस पल को याद करते हुए लिखा कि बचपन में उनकी मां ने उन्हें पहला कदम चलना सिखाया था और आज किस्मत ने उन्हें मौका दिया कि वे अपनी मां को खुद आसमान की सैर कराएं. उन्होंने अपनी मां को हमेशा के लिए अपना 'फेवरेट पैसेंजर' बताया.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हजारों यूजर्स ने मां-बेटे के इस खास रिश्ते की तारीफ की. कई लोगों ने लिखा कि किसी भी पायलट के लिए अपने माता-पिता को खुद उड़ाना जीवन के सबसे गर्व और भावुक पलों में से एक होता है. वहीं कुछ माता-पिता ने कमेंट किया कि वे भी उम्मीद करते हैं कि एक दिन उनके बच्चे उन्हें इसी तरह अपनी फ्लाइट में सफर कराएंगे.
तनिष अरोड़ा की यह कहानी सिर्फ एक उड़ान की नहीं, बल्कि उस रिश्ते की है जिसमें मां पहले बेटे को चलना सिखाती है और फिर वही बेटा उसे अपने सपनों की उड़ान पर ले जाता है. यही वजह है कि यह वीडियो लाखों लोगों के दिल को छू रहा है.