World Famous Forts: दुनियाभर में ऐसे कई ऐतिहासिक किले मौजूद हैं जो आज भी बीते दौर की शान, संस्कृति और वास्तुकला की झलक दिखाते हैं. सदियों पहले बने ये किले न सिर्फ राजाओं और शासकों की ताकत के प्रतीक थे, बल्कि आज ये फेमस पर्यटन स्थलों के रूप में भी जाने जाते हैं. अगर आप भी इतिहास को करीब से जानने या फिर घूमने-फिरने के शौकीन हैं तो दुनिया के इन शानदार किलों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें.
ओमान का निजवा किला (Nizwa Fort)
ओमान का निजवा किला 17वीं शताब्दी में बनाया गया था और यह देश के सबसे प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थलों में गिना जाता है. इस किले की सबसे बड़ी खासियत इसका विशाल गोलाकार टॉवर है जो दूर से ही पर्यटकों का ध्यान आकर्षित करता है. किले के अंदर एक म्यूजियम भी है, जहां 17वीं शताब्दी की कई प्राचीन वस्तुएं देखने को मिलती हैं.
ऑस्ट्रेलिया का फोर्ट क्वीन क्लिप (Queenscliff Fort)
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से करीब डेढ़ घंटे की दूरी पर स्थित यह किला देश के सबसे अच्छी तरह संरक्षित किलों में शामिल है. साल 1860 में बने इस किले को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. यहां पुराने हथियार और सैन्य उपकरण भी देखने को मिलते हैं. पर्यटकों के लिए गाइडेड टूर की सुविधा भी उपलब्ध है.
इजरायल का मसादा (Masada)
यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल का दर्जा प्राप्त मसादा किला एक ऊंचे चट्टानी पठार पर स्थित है. यहां से मृत सागर का बेहद खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. इतिहास के अनुसार, इस किले का निर्माण राजा हेरोड द ग्रेट ने 37 से 31 ईसा पूर्व के बीच करवाया था. यह किला अपने ऐतिहासिक महत्व के लिए दुनियाभर में जाना जाता है.
भारत का जैसलमेर किला
राजस्थान के जैसलमेर शहर में स्थित यह किला भारत के सबसे प्रसिद्ध किलों में से एक है. साल 1156 में राजपूत शासक रावल जैसल द्वारा बनवाया गया यह किला थार रेगिस्तान के बीच स्थित है. इसे 'गोल्डन फोर्ट' या 'सोनार किला' के नाम से भी जाना जाता है. खास बात यह है कि यह दुनिया के चुनिंदा जीवित किलों में शामिल है, जहां आज भी लोग रहते हैं.
भारत का मेहरानगढ़ किला
जोधपुर में स्थित मेहरानगढ़ किला अपनी भव्यता और शानदार वास्तुकला के लिए दुनियाभर में मशहूर है. 15वीं शताब्दी में राजपूत शासक राव जोधा द्वारा बनवाया गया यह किला ऊंची पहाड़ी पर स्थित है. यहां से पूरे जोधपुर शहर का खूबसूरत नजारा देखा जा सकता है.
कतर का अल जुबारा किला (Al Zubarah Fort)
कतर की राजधानी दोहा से करीब एक घंटे की दूरी पर स्थित अल जुबारा किला 1938 में बनाया गया था. कभी यह इलाका मछली पकड़ने का प्रमुख केंद्र हुआ करता था लेकिन बाद में यह क्षेत्र वीरान हो गया. आज यह किला कतर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और इतिहास प्रेमियों को काफी आकर्षित करता है.
अगर आप इतिहास, संस्कृति और शानदार वास्तुकला को करीब से देखना चाहते हैं तो दुनिया के इन ऐतिहासिक किलों की सैर आपके लिए यादगार अनुभव साबित हो सकती है.