
Snowfall Destinations in November: नवंबर का महीना घूमने के लिए काफी अच्छा होता है. इस दौरान मैदानी इलाकों में हल्की ठंड शुरू हो जाती है, वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी का इंतजार रहता है. अगर आप भी इस नवंबर बर्फ से ढके पहाड़ देखना चाहते हैं तो विदेश जाने की जरूरत नहीं है. रत में ही ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं, जहां शुरुआती बर्फबारी देखने का मौका मिल सकता है.
खास बात यह है कि इनमें कश्मीर से लेकर सिक्किम और उत्तराखंड तक के डेस्टिनेशन शामिल हैं. आइए ऐसी 5 जगहों के बारे में जानते हैं.
गुलमर्ग, जम्मू-कश्मीर
कश्मीर का गुलमर्ग बर्फबारी देखने के लिए मशहूर है. नवंबर में यहां ठंड बढ़ने लगती है और अफरवात पीक जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ पड़ सकती है. यहां आप गोंडोला की सवारी कर सकते हैं और पहाड़ों के खूबसूरत नजारे देख सकते हैं.

सिस्सू, हिमाचल प्रदेश
मनाली से आगे लाहौल घाटी में बसा सिस्सू अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है. नवंबर में यहां आसपास की ऊंची चोटियों पर बर्फ देखने को मिल सकती है. अटल टनल पार करके यहां पहुंचा जा सकता है. शांत माहौल और पहाड़ पसंद करने वालों के लिए यह अच्छी जगह है.
तवांग, अरुणाचल प्रदेश
अगर आप कुछ अलग घूमना चाहते हैं तो तवांग जा सकते हैं. यहां का सेला पास नवंबर में बर्फबारी के लिए जाना जाता है. खूबसूरत झीलों और पहाड़ों के अलावा यहां प्रसिद्ध तवांग मठ भी घूम सकते हैं. यहां जाने के लिए इनर लाइन परमिट (ILP) जरूरी है.

लाचुंग, सिक्किम
सिक्किम का लाचुंग और युमथांग वैली सर्दियों में बेहद खूबसूरत लगते हैं. नवंबर में ऊंचाई वाले हिस्सों और जीरो पॉइंट पर बर्फ मिलने की संभावना रहती है. यहां बर्फीले पहाड़ों के साथ खूबसूरत वादियों का आनंद ले सकते हैं.
औली, उत्तराखंड
उत्तराखंड की औली से नंदा देवी समेत हिमालय की खूबसूरत चोटियां दिखाई देती हैं. नवंबर में यहां ठंड बढ़ जाती है और ऊंचाई वाले इलाकों में शुरुआती बर्फबारी हो सकती है. हालांकि, अच्छी बर्फ देखने के लिए दिसंबर से फरवरी का समय ज्यादा बेहतर है.

इन बातों का रखें ध्यान
नवंबर में इन जगहों पर बर्फबारी की गारंटी नहीं होती. यात्रा से पहले मौसम, सड़क और परमिट की जानकारी जरूर लें. ट्रिप के दौरान ठंड की जैकेट, मोजे और जूते समेत दवाइयां और जरूर एक्स्ट्रा लेकर जाएं. अगर ताजा और ज्यादा बर्फ देखना चाहते हैं तो दिसंबर से फरवरी का समय बेहतर हो सकता है.