हैदराबाद में फर्जी आधार और PAN कार्ड बनाने वाले एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी महज 300 से 1 हजार रुपये लेकर लोगों के पहचान पत्रों में मनचाहा बदलाव कर देता था. पुलिस के मुताबिक, 36 वर्षीय आरोपी ने अपने ज़ेरॉक्स सेंटर को पहचान संबंधी दस्तावेजों में हेराफेरी करने का अड्डा बना रखा था. वह सॉफ्टवेयर की मदद से आधार और PAN कार्ड में बदलाव करता था.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीएच. महादेव के रूप में हुई है. वह सातवीं कक्षा तक पढ़ा है और बुडवेल इलाके में 'कविता ए टू जेड ऑनलाइन सर्विसेज' नाम से ज़ेरॉक्स सेंटर चलाता है. पुलिस के मुताबिक, उसने पहचान पत्रों में बदलाव करने के लिए विशेष सॉफ्टवेयर इंस्टॉल कर रखा था. वह जलपल्ली के श्रीराम कॉलोनी स्थित अपने घर से इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था.
यह भी पढ़ें: हैदराबाद में चावल की दुकानों पर छापेमारी... 26 किलो के पैकेट में मिला 25 किलो चावल, टैक्स चोरी का शक
जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों की मांग के अनुसार आधार और PAN कार्ड में फोटो, नाम, जन्मतिथि और आवासीय पता बदल देता था. इसके लिए उसने अलग-अलग रेट तय कर रखे थे. आधार कार्ड में सिर्फ जन्मतिथि बदलने के बदले वह 300 रुपये लेता था, जबकि सभी जानकारियां बदलने के लिए 700 से 1,000 रुपये तक वसूलता था.
फैक्ट्री में नौकरी से लेकर सरकारी योजनाओं तक में इस्तेमाल होते थे फर्जी दस्तावेज
पुलिस की जांच के मुताबिक, आरोपी ने ज़ेरॉक्स के कारोबार से होने वाली कमाई को परिवार के खर्च के लिए नाकाफी बताया था. इसी वजह से उसने कथित तौर पर अवैध तरीके से पहचान पत्रों में बदलाव कर पैसे कमाने का रास्ता चुना.
जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी से दस्तावेजों में बदलाव कराने वाले लोग इनका इस्तेमाल हैदराबाद के आसपास की फैक्ट्रियों में प्राइवेट नौकरी हासिल करने के लिए करते थे. इसके अलावा बदले हुए आधार और PAN कार्ड के जरिए मोबाइल फोन के सिम कार्ड लेने और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की भी बात सामने आई है.
पुलिस को इस अवैध गतिविधि की सूचना मिली थी. इसके बाद शमशाबाद जोन टास्क फोर्स ने पहाड़ीशरीफ पुलिस के साथ मिलकर आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान महादेव को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.
60 फर्जी आधार कार्ड समेत लैपटॉप और प्रिंटर बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 60 फर्जी या बदले हुए आधार कार्ड और दो PAN कार्ड बरामद किए. इसके अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, लैमिनेशन मशीन, मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की जांच के लिए पहाड़ीशरीफ पुलिस के हवाले कर दिया गया है. पुलिस अब उन ग्राहकों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने आरोपी से फर्जी या बदले हुए दस्तावेज तैयार करवाए और उनका इस्तेमाल किया. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध काम के जरिए कितने लोगों ने नौकरी, मोबाइल सिम या सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया.