गर्मियों की छुट्टियों का नाम आते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में सबसे पहले कुल्लू-मनाली और शिमला जैसी जगहों का ख्याल आता है. लेकिन गर्मियों में इन जगहों पर बढ़ती भीड़, ट्रैफिक जाम और महंगे होटलों की वजह से कई बार ट्रिप का मजा फीका पड़ जाता है. ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसी खूबसूरत जगहों के बारे में बताएंगे, जहां आप भीड़भाड़ से दूर ठंडी हवा, हरियाली और सुकून भरे माहौल का आनंद ले सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश का तीर्थन वैली
ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के पास बसी तीर्थन वैली प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. यहां नदी किनारे बने कॉटेज, शांत माहौल और जंगलों के बीच ट्रैकिंग लोगों को खूब पसंद आती है.
उत्तराखंड का चौकोरी
अगर आप भीड़ से दूर हिमालय की खूबसूरती को करीब से देखना चाहते हैं तो चौकोरी एक शानदार जगह हो सकती है. यहां से नंदा देवी जैसी बर्फीली चोटियों का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है.
अरुणाचल प्रदेश का जीरो वैली
हरी-भरी वादियों और अपातानी जनजाति की संस्कृति के लिए मशहूर जीरो वैली काफी अलग अनुभव देती है. यहां की शांति और प्राकृतिक खूबसूरती लोगों को खूब आकर्षित करती है.
हिमाचल प्रदेश का शोजा
शोजा हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत सेराज घाटी (तीर्थन घाटी) में बसा एक छोटा, शांत और बेहद खूबसूरत गांव है जो जालोरी पास से कुछ दूरी पर स्थित है. यहां धुंध से ढके जंगल, लकड़ी के घर और शांत माहौल लोगों को सुकून का एहसास कराते हैं.
उत्तराखंड का मुनस्यारी
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित मुनस्यारी पंचाचूली चोटियों के शानदार नजारों के लिए मशहूर है. यह जगह नेचर लवर और ट्रैकिंग पसंद करने वालों को बेहद पसंद आती है.
मिजोरम का आइजोल
पहाड़ियों पर बसा आइजोल अपनी खूबसूरत वादियों, लोकल संस्कृति और शानदार सनसेट के लिए जाना जाता है. यहां का मौसम गर्मियों में काफी सुहावना रहता है.
तमिलनाडु का यरकौड
तमिलनाडु का यरकौड सलेम जिले में पूर्वी घाट की शेवरोय पहाड़ियों में स्थित एक बेहद खूबसूरत और शांत हिल स्टेशन है. यहां का कॉफी प्लांटेशन, शांत झील और सुहावना मौसम इसे गर्मियों के लिए शानदार जगह बनाते हैं.
हिमाचल प्रदेश का कल्पा
किन्नौर क्षेत्र में बसा कल्पा अपनी खूबसूरत पहाड़ियों, सेब के बागानों और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. यहां की ताजी हवा और बर्फ से ढकी चोटियां हर किसी का मन मोह लेती हैं.
अगर आप भी इस गर्मी भीड़भाड़ से दूर किसी शांत और ठंडी जगह पर छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो ये ऑफबीट हिल स्टेशन आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकते हैं.