Nepal Most Beautiful Villages: जब भी विदेश घूमने की बात आती है तो ज्यादातर लोगों के दिमाग में पेरिस की चमचमाती सड़कें, इटली के खूबसूरत शहर या स्विट्जरलैंड के बर्फीले नजारे घूमने लगते हैं. मगर क्या आप जानते हैं कि भारत के पड़ोसी देश नेपाल में इतने सुंदर गांव हैं, जिन्हें देखकर आप यूरोप ना जा पाने का मलाल नहीं करेंगे.
नेपाल के इन गांवों की नेचुरल सुंदरता देखने के बाद तो आप यूरोप की मशहूर डेस्टिनेशन को भी भूल सकते हैं. भले ही नेपाल छोटा देश है, लेकिन इसकी खूबसूरती बड़े-बड़े देशों से कई गुना ज्यादा है. ऊंचे-ऊंचे हिमालय, बादलों से ढकी पहाड़ियां, पत्थरों से बने पारंपरिक घर, शांत वातावरण और स्थानीय संस्कृति इन गांवों को किसी जादुई दुनिया जैसा बना देती है. नेपाल बाकी देशों की तुलना में काफी सस्ता भी है, ऐसे में आपकी फैमिली ट्रिप बजट में हो जाएगी.
अगर आप भीड़भाड़ से दूर सुकूनभरी छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो नेपाल के ये खूबसूरत गांव आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में जरूर होने चाहिए.
चिसापानी (Chisapani)
अगर आप सनराइस और सनसेट के दीवाने हैं, तो चिसापानी आपके लिए परफेक्ट जगह है. यहां से दिखाई देने वाले हिमालयी नजारे किसी पेंटिंग से कम नहीं लगते. यह गांव छोटे ट्रेक और वीकेंड ट्रिप के लिए भी शानदार माना जाता है.
बंदीपुर (Bandipur)
बंदीपुर नेपाल का एक ऐसा गांव है, जहां आज भी पुरानी नेवारी संस्कृति और वास्तुकला की झलक देखने को मिलती है. यहां की साफ-सुथरी गलियां और पहाड़ों का नजारा लोगों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं.
कागबेनी (Kagbeni)
मुस्तांग इलाके में स्थित कागबेनी अपनी प्राचीन तिब्बती संस्कृति और पत्थरों से बनी पारंपरिक बस्तियों के लिए मशहूर है. यहां की संकरी गलियां और आसपास के पहाड़ इसे बेहद शानदार बनाते हैं, यह गांव अपर मुस्तांग जाने वाले यात्रियों का प्रमुख पड़ाव भी है.
घालेगांव (Ghalegaun)
घालेगांव को नेपाल के सबसे खूबसूरत ग्रामीण पर्यटन स्थलों में गिना जाता है, क्योंकि यहां से अन्नपूर्णा और मनास्लु पर्वत श्रृंखलाओं का शानदार नजारा दिखाई देता है. गांव में रहने वाले गुरूंग समुदाय की संस्कृति और मेहमाननवाजी टूरिस्ट्स को अपनापन महसूस करवाती है.
भुजुंग (Bhujung)
हरे-भरे पहाड़ों के बीच बसा भुजुंग नेपाल के सबसे बड़े गुरूंग गांवों में शामिल है. गुरूंग गांव, नेपाल और भारत के हिमालयी क्षेत्रों में बसे गुरुंग समुदाय के पारंपरिक गांवों से हैं. यहां की पारंपरिक लाइफस्टाइल और प्राकृतिक सुंदरता लोगों को शहरों के शोर-शराबे से दूर एक अलग दुनिया का एहसास कराती है.
हेलम्बू (Helambu)
नेपाल की राजधानी काठमांडू के करीब स्थित हेलम्बू अपनी शांत वादियों, बौद्ध मठों और खूबसूरत ट्रेकिंग रूट्स के लिए पॉपुलर है. यहां का मौसम और प्राकृतिक सीन सालभर टूरिस्ट को अपनी तरफ अट्रैक्ट करते हैं.
मनांग (Manang)
ऊंचे पहाड़ों और झीलों से घिरा मनांग अन्नपूर्णा सर्किट ट्रेक का प्रमुख आकर्षण है. यहां का अनोखा भू-दृश्य और हिमालयी नजारे पर्यटकों को बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित करते हैं. मनांग की प्राकृतिक खूबसूरती देखने के बाद टूरिस्ट खुश हो जाते हैं.
मार्फा (Marpha)
नेपाल का एप्पल विलेज मार्फा को कहा जाता है, सफेद रंग के सुंदर घर, पत्थरों की गलियां और सेब के बाग इस गांव की पहचान हैं. यहां आपको बेहद शांत माहौल और प्राकृतिक सुंदरता देखने को मिलेगी.
धम्पुस (Dhampus)
पोखरा के नजदीक स्थित धम्पुस अन्नपूर्णा क्षेत्र का बेहद पॉपुलर गांव है. यहां से हिमालय की बर्फीली चोटियों का शानदार नजारा दिखाई देता है. ट्रेकिंग और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह किसी स्वर्ग से कम नहीं.
जिरी (Jiri)
जिरी को कभी एवरेस्ट ट्रेक का प्रवेश द्वार कहा जाता था. यहां चारों ओर फैली हरियाली, शांत वातावरण और स्थानीय संस्कृति इसे नेपाल के सबसे खूबसूरत गांवों में शुमार करती है.
क्यों बन रहे हैं ये गांव पर्यटकों की पहली पसंद?
नेपाल के ये गांव सिर्फ घूमने की जगह नहीं हैं, बल्कि यहां आपको स्थानीय संस्कृति, पहाड़ी जीवन और प्रकृति के बेहद करीब रहने का अनुभव मिलता है. सबसे अच्छी बात यह है कि नेपाल घूमने में आपको ज्यादा पैसे भी खर्च नहीं करने पड़ेंगे. कम बजट में विदेश घूमने के लिए नेपाल एकदम परफेक्ट है.