Never Do This In A Hotel Room: घर से दूर छुट्टियों पर लोग रोज की भागदौड़ से दूर सुकून और शांति के लिए जाते हैं. ऐसे में वो ठहरने के लिए बढ़िया से बढ़िया होटल बुक करते हैं, जिनमें मखमली बिस्तर और सारी फैसिलिटी होती हैं. होटल के मखमली बिस्तर और रूम सर्विस वाली लग्जरी लाइफ सुनने और देखने में जितनी सुकून भरी लगती है, उतनी होती नहीं है. दरअसल, आपकी एक छोटी सी लापरवाही होटल की लग्जरी लाइफ को उतना ही महंगा और परेशानी भरा बना सकती है.
अक्सर आप होटल पहुंचकर अनजाने में कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जो न सिर्फ होटल स्टाफ को परेशान करती हैं, बल्कि आपका बिल भी बढ़ा देती हैं और सेफ्टी से जुड़े बड़े रिस्क भी खड़े कर देती हैं. होटल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने कुछ ऐसे चौंकाने वाले सीक्रेट्स शेयर किए हैं, जो हर ट्रैवलर को पता होने चाहिए. उन्होंने कुछ ऐसी चीजें बताई हैं, जिन्हें आपको होटल में ठहरते वक्त कभी भी नहीं करना चाहिए. तो अगली बार किसी भी होटल में ठहरने से पहले इन बातों का जरूर ध्यान रखें, वरना आपकी छुट्टियां सिरदर्द में बदल सकती हैं.
इस्तेमाल किए हुए टॉवल को फोल्ड करके न रखें: अगर आपने होटल का तौलिया इस्तेमाल कर लिया है, तो उसे फोल्ड करके न रखें. इससे होटल स्टाफ को लग सकता है कि तौलिया अभी इस्तेमाल नहीं हुआ. इससे अच्छा है कि आप इस्तेमाल किया हुआ तौलिया बाथरूम के फर्श या टब में छोड़ दें, ताकि उसे आसानी से बदला जा सके.
होटल के केटल में एक्सपेरिमेंट करना पड़ सकता है भारी: कुछ लोग होटल के कमरे में रखे इलेक्ट्रिक चीजों के साथ एक्सपेरिमेंट करने लगते हैं. जैसे इलेक्ट्रिक केटल में अंडे, नूडल्स या दूसरी चीजें उबालने लगते हैं. ये आदत गंदगी फैलाने के साथ-साथ खतरनाक भी हो सकती है. इससे फायर अलार्म बजने या ये चीजों खराब होने का खतरा रहता है. केटल का इस्तेमाल सिर्फ पानी उबालने के लिए ही करें.
आयरन या हेयर ड्रायर से खाना गर्म करना भूलकर भी न करें: होटल के कमरे में रखी आयरन से टोस्ट बनाना या हेयर ड्रायर से पिज्जा गर्म करना सुनने में मजेदार लग सकता है, लेकिन ये बहुत रिस्की होता है. इससे होटल का सामान खराब हो सकता है और आपको भारी चार्ज भी देना पड़ सकता है.
देखें कि हिडन कैमरा है कि नहीं: आजकल होटल प्राइवेसी को लेकर लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है. कमरे की लाइट बंद करके फोन की फ्लैशलाइट से स्मोक डिटेक्टर, चार्जर, मिरर और अलार्म क्लॉक जैसी चीजें चेक करें. फोन का फ्रंट कैमरा इन्फ्रारेड लाइट पकड़ सकता है, जिससे हिडन कैमरों का पता लगाने में मदद मिल सकती है.
होटल वाई-फाई इस्तेमाल करते समय बरतें सावधानी: फ्री होटल वाई-फाई इस्तेमाल करना हमेशा सुरक्षित नहीं होता. कई बार फर्जी लॉगिन पेज बनाकर लोगों की जानकारी चोरी की जाती है. इसलिए होटल नेटवर्क पर बैंकिंग या जरूरी निजी जानकारी शेयर करने से बचना चाहिए.
मिनी बार से छेड़छाड़ करना पड़ सकता है महंगा: कई लोग मिनी बार को फ्री समझकर उसमें रखीं पानी की बोतल या ड्रिक्स, चॉकलेट वगैरह खा लेते हैं और बाद में पता चलता है कि ये सब चार्जेबल था. इसलिए ये बात ध्यान में रखने के बाद ही मिनी बार को हाथ लगाएं. कुछ लोग मिनी बार की ड्रिंक पीकर उसमें पानी भर देते हैं ताकि पैसे न देने पड़ें. लेकिन होटल स्टाफ ऐसी चालाकियां जल्दी पकड़ लेता है. अगर आप बार-बार ऐसा करते हैं तो होटल आपको ब्लैकलिस्ट भी कर सकता है.
बहुत ज्यादा गंदगी फैलाकर चेकआउट करना: जब आप होटल का कमरा छोड़ रहे हों तो उसे पूरी तरह से गंदा छोड़ना सही नहीं होता है. हालांकि, पूरा कमरा साफ करने की जरूरत नहीं, लेकिन कचरा डस्टबिन में डालना, फैला हुआ खाना हटाना या गिरी हुई कॉफी साफ कर देना अच्छी आदत मानी जाती है.
होटल के रिमोट और ग्लास हो सकते हैं सबसे ज्यादा गंदे: टीवी रिमोट, फोन, डोर हैंडल और कमरे के ग्लास सबसे ज्यादा गंदी चीजों में गिनी जाती हैं. इसलिए इन्हें इस्तेमाल करने से पहले सैनिटाइजर वाइप से साफ करना बेहतर माना जाता है.
पालतू जानवर छुपाकर ले जाना पड़ सकता है भारी: अगर आप अपने पालतू जानवर को भी होटल में लेकर जा रहे हैं तो जान लें कि हर होटल ऐसा करने की मंजूरी नहीं देता है. इसलिए अपने पालतू जानवर के साथ जाने से पहले होटल को जानकारी जरूर दें. नियम तोड़ने पर भारी फाइन लग सकता है.
अकेले हैं तो दोनों बेड इस्तेमाल न करें: अगर आप अकेले ट्रैवल कर रहे हैं और कमरे में दो बेड हैं, तो दोनों का इस्तेमाल करने से बचें. इससे होटल स्टाफ का काम और लॉन्ड्री दोनों बढ़ जाते हैं.