होली का नाम सुनते ही हमारे दिमाग में रंग, गुलाल और ढोल-नगाड़ों की आवाज गूंजने लगती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि रंगों का यह त्योहार अब सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं रह गया है. सात समंदर पार भी लोग उतने ही मजे के साथ होली खेलते हैं जैसे हम अपने घर-आंगन में खेलते हैं. अमेरिका के न्यूयॉर्क से लेकर ऑस्ट्रेलिया के सिडनी तक, पूरी दुनिया भारतीय रंग में रंगने को बेताब नजर आती है.
एशियाई देशों में होली की धूम
भारत के पड़ोसी देशों में होली का जोश बिल्कुल हमारे जैसा ही होता है. नेपाल में इसे 'फागु पूर्णिमा' कहा जाता है और यहां यह जश्न एक नहीं बल्कि दो दिनों तक चलता है. पहले दिन पहाड़ी इलाकों में लोग एक-दूसरे को रंग लगाते हैं और दूसरे दिन मैदानी इलाकों में जमकर गुलाल उड़ता है. नेपाल की होली का उत्साह देखने लायक होता है क्योंकि वहां यह सबसे बड़े त्योहारों में से एक है.
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर ₹315 की इडली! 4 गुना ज्यादा दाम देख भड़के लोग
वहीं बांग्लादेश में होली को 'डोल पूर्णिमा' या 'बसंत उत्सव' के रूप में मनाया जाता है. यहां का हिंदू समुदाय बड़े उत्साह के साथ रंगों से बसंत का स्वागत करता है. इसी तरह पाकिस्तान के सिंध प्रांत में भी हिंदू परिवार मंदिरों में इकट्ठा होते हैं और अपनी पुरानी परंपराओं के साथ होली मनाते हैं. अल्पसंख्यक होने के बावजूद वहां के लोगों में त्योहार को लेकर गजब की भावना देखने को मिलती है.
अमेरिका और ब्रिटेन में भी होली का जलवा
पश्चिमी देशों की बात करें तो संयुक्त राज्य अमेरिका में होली का जश्न अब बहुत बड़ा हो चुका है. यहां सबसे बड़ा प्रोग्राम यूटा के स्पेनिश फोर्क में बने हरे कृष्ण मंदिर में होता है, जहां हजारों की भीड़ जुटती है. न्यूयॉर्क जैसे बड़े शहरों में लोग 'कलर रन' और रंगीन परेड निकालकर खुशियां मनाते हैं. जबकि यूनाइटेड किंगडम (UK) में भी कुछ ऐसा ही नजारा दिखता है. लंदन, लीसेस्टर और बर्मिंघम जैसे शहरों में भारतीय संगीत और डांस के साथ बड़े-बड़े होली इवेंट होते हैं. इन आयोजनों में भारतीय मूल के लोगों के साथ-साथ अब विदेशी लोग भी ढोल की थाप पर जमकर थिरकते हैं.
सात समंदर पार भी दिखता है देसी स्वैग
मॉरीशस को तो आप 'छोटा भारत' कह सकते हैं, क्योंकि यहां की ज्यादातर आबादी भारतीय मूल की है. यहां होली पर सरकारी छुट्टी होती है और लोग बाकायदा होलिका जलाकर पारंपरिक 'फाग' गाने गाते हैं. वहीं फिजी में इस त्योहार को 'पगुआ' के नाम से जाना जाता है, जहां लोग पुराने रीति-रिवाजों के साथ एक-दूसरे को रंगते हैं.
यह भी पढ़ें: लंदन में भारतीय रेस्तरां बंद, मालिक का आरोप, पाकिस्तानियों ने किया बर्बाद
दुनिया के दूसरे छोर पर बसे ऑस्ट्रेलिया के सिडनी और मेलबर्न जैसे शहरों में भी अब होली के बड़े मेले लगने लगे हैं. वहीं साउथ अफ्रीका के डरबन और जोहान्सबर्ग में भी लोग रंगों के साथ खूब धमाल मचाते हैं. साफ है कि रंगों का यह त्योहार अब पूरी दुनिया का हो चुका है और इसकी चमक हर बीतते साल के साथ बढ़ती जा रही है.