Best Hill Stations in India: गर्मियों का मौसम आते ही मैदानी इलाकों में तेज गर्मी लोगों को परेशान करने लगती है. ऐसे में ज्यादातर लोग ठंडी और सुकून भरी जगहों की तलाश करने लगते हैं. पहाड़ों पर बसे हिल स्टेशन इस मौसम में घूमने के लिए सबसे बेहतर ऑप्शन माने जाते हैं, जहां ठंडी हवा, हरियाली और खूबसूरत नजारे मन को सुकून देते हैं.
भारत में हिमालय से लेकर वेस्टर्न घाट तक कई ऐसे हिल स्टेशन हैं, जहां का मौसम गर्मियों में भी काफी सुहावना रहता है. यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां छुट्टियां बिताने पहुंचते हैं. आइए जानते हैं भारत के कुछ ऐसे ही खूबसूरत हिल स्टेशनों के बारे में, जहां आप गर्मियों में सुकून भरा समय बिता सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश का मनाली
मनाली भारत के सबसे फेमस हिल स्टेशनों में से एक है. यह कुल्लू घाटी में स्थित है और चारों ओर से ऊंचे पहाड़ों और हरियाली से घिरा हुआ है. यहां बहने वाली ब्यास नदी इसकी खूबसूरती को और बढ़ा देती है. गर्मियों में ठंडे मौसम का मजा लेने के लिए लोग बड़ी संख्या में यहां आते हैं. मनाली में घूमने के लिए हिडिंबा मंदिर और रोहतांग पास काफी मशहूर जगहें हैं.
हिमाचल प्रदेश का शिमला
शिमला कभी ब्रिटिश भारत की ग्रीष्मकालीन राजधानी हुआ करता था. यह शहर अपनी पुरानी कॉलोनियल इमारतों, देवदार के पेड़ों और खूबसूरत पहाड़ियों के लिए जाना जाता है. यहां की मॉल रोड पर टहलना पर्यटकों को बहुत पसंद आता है. कालका से शिमला तक चलने वाली टॉय ट्रेन का सफर भी बहुत मशहूर है और यह यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज में शामिल है. ठंडा मौसम होने की वजह से शिमला गर्मियों में घूमने के लिए शानदार जगह है.
पश्चिम बंगाल का दार्जिलिंग
दार्जिलिंग पूर्वी हिमालय में स्थित एक खूबसूरत हिल स्टेशन है. यह अपनी चाय के बागानों और हिमालय के शानदार नजारों के लिए जाना जाता है. सुबह के समय यहां का दृश्य बहुत खूबसूरत लगता है. टाइगर हिल से कंचनजंघा की चोटियों पर सूर्योदय देखना पर्यटकों के लिए खास अनुभव होता है. यहां की दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे, जिसे टॉय ट्रेन भी कहा जाता है, काफी फेमस है.
तमिलनाडु का ऊटी
ऊटी दक्षिण भारत के नीलगिरी पहाड़ों में स्थित एक फेमस हिल स्टेशन है. इसे 'हिल स्टेशनों की रानी' के नाम से भी जाना जाता है. यहां का मौसम साल भर सुहावना रहता है. ऊटी अपने चाय के बागानों और अंग्रेजों के समय की पुरानी इमारतों के लिए जाना जाता है. यहां पर्यटक ऊटी झील में बोटिंग कर सकते हैं या गवर्नमेंट बोटैनिकल गार्डन घूम सकते हैं. नीलगिरी माउंटेन रेलवे की सवारी भी लोगों को खूब पसंद आाता है.
केरल का मुन्नार
मुन्नार केरल के वेस्टर्न घाट में स्थित एक बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है. यह अपनी हरियाली, चाय के बागानों और झरनों के लिए मशहूर है. यहां कई खूबसूरत व्यूपॉइंट हैं जहां से पहाड़ों का शानदार नजारा देखा जा सकता है. प्रकृति प्रेमियों के लिए यह जगह खास है क्योंकि यहां एराविकुलम नेशनल पार्क भी है, जहां दुर्लभ नीलगिरि तहर नाम के पहाड़ी बकरों को देखा जा सकता है.