Famous Forts in India: हमारा देश भारत अपने गौरवशाली इतिहास और भव्य किलों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है. देश के अलग-अलग राज्यों में मौजूद ये ऐतिहासिक किले न सिर्फ अपनी शानदार वास्तुकला के लिए जाने जाते हैं, बल्कि ये वीरता, संस्कृति और समृद्ध विरासत की कहानियां भी बयां करते हैं. अगर आप भी इतिहास को करीब से जानने या घूमने-फिरने का शौकीन हैं तो आज आपको भारत के कुछ सबसे मशहूर और भव्य किलों के बारे में बताएंगे, जहां आपको जिंदगी में कम से कम एक बार जरूर जाना चाहिए.
राजस्थान का मेहरानगढ़ किला
जोधपुर में स्थित मेहरानगढ़ किला राजस्थान के सबसे भव्य किलों में गिना जाता है. लगभग 500 साल पुराने इस किले का निर्माण राव जोधा ने करवाया था. ऊंची पहाड़ी पर बने इस किले में सात भव्य प्रवेश द्वार हैं. किले के अंदर मौजूद मोती महल, शीश महल, चामुंडा देवी मंदिर और म्यूजियम पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र हैं.
मध्य प्रदेश का ग्वालियर किला
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में स्थित यह किला अपनी शानदार वास्तुकला और खूबसूरत नक्काशी के लिए दुनियाभर में जाना जाता है. राजा मानसिंह तोमर द्वारा बनवाया गया यह किला भारत के सबसे सुरक्षित किलों में से एक माना जाता है. यहां स्थित गूजरी महल पर्यटकों को काफी पसंद आता है.
दिल्ली का लाल किला
दिल्ली का लाल किला भारत की ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है. लाल बलुआ पत्थरों से बना यह किला मुगल स्थापत्य का शानदार उदाहरण है. हर साल स्वतंत्रता दिवस पर यहां से प्रधानमंत्री देश को संबोधित करते हैं, जिससे इसका महत्व और बढ़ जाता है.
राजस्थान का सोनार किला
जैसलमेर का सोनार किला अपनी अनोखी खूबसूरती के लिए मशहूर है. सूरज की किरणें पड़ते ही यह किला सोने की तरह चमकने लगता है, इसलिए इसे सोनार किला कहा जाता है. रेगिस्तान के बीच स्थित यह किला दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करता है.
हैदराबाद का गोलकुंडा किला
हैदराबाद से लगभग 11 किलोमीटर दूर स्थित गोलकुंडा किला अपनी भव्य संरचना और शानदार वास्तुकला के लिए जाना जाता है. ग्रेनाइट की पहाड़ी पर बना यह किला आज भी हजारों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है.
महाराष्ट्र का लोहागढ़ किला
महाराष्ट्र का लोहागढ़ किला ट्रेकिंग के शौकीनों के बीच काफी फेमस है. लोनावला के पास स्थित यह किला मानसून के दौरान हरियाली और खूबसूरत नजारों से भर जाता है. यहां का 'विंचू काटा' पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र है.
राजस्थान का कुम्भलगढ़ किला
राजसमंद में स्थित कुम्भलगढ़ किला अपनी विशाल दीवार के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है. करीब 36 किलोमीटर लंबी इसकी दीवार को दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी दीवार माना जाता है. किले के भीतर 360 से अधिक मंदिर मौजूद हैं.
राजस्थान का चित्तौड़गढ़ किला
राजस्थान का चित्तौड़गढ़ किला राजपूत शौर्य और बलिदान का प्रतीक माना जाता है. करीब 700 एकड़ में फैला यह विशाल किला ऊंची पहाड़ी पर बना है. इसके सात प्रवेश द्वार, मंदिर, महल और विजय स्तंभ इसकी भव्यता को और भी खास बनाते हैं.
हिमाचल प्रदेश कांगड़ा किला
हिमाचल प्रदेश का कांगड़ा किला देश के सबसे पुराने किलों में से एक माना जाता है. बाणगंगा और मांझी नदियों के किनारे स्थित यह किला इतिहास प्रेमियों के लिए बेहतरीन जगह है.
आगरा का किला, उत्तर प्रदेश
यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल आगरा का किला अपनी भव्यता और शानदार वास्तुकला के लिए जाना जाता है. मुगल काल में बना यह किला कई खूबसूरत महलों और इमारतों का घर है. यहां मौजूद मोती मस्जिद, दीवान-ए-खास और शीश महल पर्यटकों को बेहद आकर्षित करते हैं.