Best Monsoon Destinations in India: आपको अगर बारिश का मौसम, हरे-भरे पहाड़, झरने और बादलों से ढकी वादियां पसंद हैं तो अगस्त का महीना घूमने के लिए एकदम परफेक्ट है. इस समय देश की कई खूबसूरत जगहें मानसून की वजह से और भी आकर्षक नजर आती हैं. कहीं रंग-बिरंगे फूलों से सजी घाटियां आपका स्वागत करती हैं तो कहीं ऊंचे-ऊंचे झरने अपने पूरे शबाब पर बहते दिखाई देते हैं. ऐसे में अगर आप अगस्त में छुट्टियों की प्लानिंग कर रहे हैं और किसी यादगार ट्रिप पर जाना चाहते हैं तो भारत की इन खूबसूरत जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल करना न भूलें.
उत्तराखंड की वैली ऑफ फ्लावर्स
यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल वैली ऑफ फ्लावर्स जुलाई से सितंबर के बीच सबसे खूबसूरत नजर आती है. बारिश के मौसम में यहां सैकड़ों तरह के रंग-बिरंगे अल्पाइन फूल खिलते हैं, जिससे पूरी घाटी किसी जन्नत जैसी दिखाई देती है. ट्रेकिंग और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह जगह किसी सपने से कम नहीं है.
केरल का मुन्नार
बारिश के मौसम में मुन्नार के चाय बागान गहरे हरे रंग की चादर ओढ़ लेते हैं. धुंध से ढकी पहाड़ियां, बहते झरने और ठंडी हवाएं यहां की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देती हैं. अट्टुकड और लक्कम वॉटरफॉल भी इस मौसम में बेहद आकर्षक लगते हैं.
मेघालय का चेरापूंजी
दुनिया के सबसे ज्यादा बारिश वाले इलाकों में शामिल चेरापूंजी मानसून में देखने लायक हो जाता है. यहां के ऊंचे झरने, गुफाएं और हरे-भरे पहाड़ हर किसी का दिल जीत लेते हैं. नोहकालिकाई वॉटरफॉल इस मौसम में बेहद शानदार दिखाई देता है.
कर्नाटक का कूर्ग
कूर्ग को भारत का 'स्कॉटलैंड' भी कहा जाता है. बारिश के दौरान यहां के कॉफी बागान, जंगल और एबी फॉल्स की खूबसूरती देखने लायक होती है. अगर आप प्रकृति के बीच सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो यह जगह आपके लिए बेहतरीन है.
महाराष्ट्र का लोनावला
मुंबई और पुणे के पास स्थित लोनावला मानसून में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले हिल स्टेशनों में से एक है. यहां बारिश के दौरान कई मौसमी झरने बहने लगते हैं और टाइगर पॉइंट जैसे व्यू पॉइंट से बादलों से ढकी घाटियों का शानदार नजारा देखने को मिलता है.
महाराष्ट्र का महाबलेश्वर
महाबलेश्वर की हरियाली बारिश में और भी निखर जाती है. यहां के व्यू पॉइंट, झरने और बादलों से घिरी पहाड़ियां मानसून के दौरान बेहद खूबसूरत दिखाई देती हैं. यह जगह फैमिली और कपल्स, दोनों के लिए अच्छी मानी जाती है.
केरल का अथिरापल्ली (Athirappilly)
केरल का अथिरापल्ली वॉटरफॉल मानसून में अपने पूरे शबाब पर होता है. करीब 80 फीट ऊंचा यह झरना घने जंगलों के बीच बहता है और इसकी खूबसूरती पर्यटकों को अपनी ओर खींचती है.